कर्मचारियों को अनुभव के आधार पर वेतन देने की मांग की।
मैकेनिकल वर्कर यूनियन का प्रतिनिधिमंडल कर्मचारियों की मांगों को लेकर सोमवार को जलापूर्ति विभाग के एक्सईएन से मिला। उन्होंने एक्सईएन से कौशल विकास निगम के अंतर्गत लगे कर्मचारियों को अनुभव के आधार पर वेतन देने की मांग की। कर्मचारियों का नेतृत्व ब्रांच प्रधान अर्जुन मलिक ने किया। उन्होंने कहा कि विभागों में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के लिए कौशल रोजगार निगम के अंतर्गत कर्मचारियों की नियुक्तियां हुई हैं। इन कर्मचारियों के वेतन में काफी विसंगतियां हैं।
कर्मचारियों को उनके अनुभव के आधार पर वेतन नहीं दिया जा रहा है, जबकि नियमानुसार कर्मचारी को उसके अनुभव के आधार पर काम और वेतन दिया जाना है। कर्मचारियों का प्रतिनिधिमंडल बी पीएस महिला विवि में कुलपति प्रो. सुदेश से भी मिला। उन्होंने कुलपति से हटाई गई सफाई कर्मचारी को काम पर वापस लेने की मांग की। इस अवसर पर रमेश अत्री, सुरेश यादव, दिलावर चहल, जयपाल खोखर, रामनिवास आर्य, दिलावर चहल, कृष्ण, जोगिंद्र शर्मा आदि उपस्थित थे।



