ठसका गांव में बने डंपिंग स्टेशन से कचरा फैलने से रोकने के लिए नप चारदीवारी कराएगा; मुख्यालय ने नए नियम के तहत नप प्रशासन को अपने स्तर पर प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए हैं।
नप प्रशासन ने जिस एजेंसी को कचरा कलेक्शन का टेंडर दिया है, उसी से साथ में निस्तारण भी कराया जा रहा है।
ठसका गांव में बने डंपिंग स्टेशन से कचरा फैलने से रोकने के लिए नप चारदीवारी कराएगा। 5 एकड़ में बने डंपिंग स्टेशन पर कई साल से कूड़ा तो डाला जा रहा था, लेकिन उसका वहां से निस्तारण नहीं कराया गया। इसके चलते डंपिंग स्टेशन पर कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लग गए। ऐसे में यहां से कचरा उड़कर आसपास के खेतों में फैल जाता है।
अधिकारियों ने डंपिंग स्टेशन में करीब 46000 मीट्रिक टन कूड़ा उठाने का अनुमान लगाया था। इसके तहत एक एजेंसी को टेंडर दिया गया था। एजेंसी ने 46 मीट्रिक टन कचरा उठाने के बाद काम बंद कर दिया था। इसके बाद अधिकारियों ने बचे हुए कचरे का फिर से अनुमान लगाया तो वह करीब 77000 मीट्रिक टन मिला। ऐसे में यह कचरा आसपास के लोगों के लिए परेशानी बना है।
इसके चलते नप प्रशासन ने कचरे को फैलने से बचाने के लिए डंपिंग स्टेशन की चारदीवारी कराने का निर्णय लिया है। नप प्रशासन ने बीते साल ही डंपिंग स्टेशन पर चारदीवारी करने की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके लिए अधिकारियों ने फरवरी 2022 में करीब 72 लाख रुपए का एस्टीमेट बनाकर मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा था। उसके बाद उस पर मंजूरी नहीं मिली।
अब मुख्यालय ने नए नियम के अनुसार नप प्रशासन को अपने स्तर पर ही डंपिंग स्टेशन की चारदीवारी कराने के निर्देश दिए हैं। इसी के आधार पर अधिकारी एस्टीमेट बनाएंगे । कचरे का निस्तारण कराने को मुख्यालय भेजा प्रपोजल डंपिंग स्टेशन में जो कचरा बचा है, नप प्रशासन उसका निस्तारण कराएगा। इसके लिए नप प्रशासन ने करीब 8 करोड़ रुपए का प्रपोजल मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा है।
अधिकारियों के अनुसार मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी करके कचरे के निस्तारण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। हाल में नप प्रशासन ने जिस एजेंसी को कचरा कलेक्शन का टेंडर दिया है, उसी से साथ में निस्तारण भी कराया जा रहा है।
^डंपिंग स्टेशन में चारदीवारी का निर्माण कराया जाना है, ताकि कचरा दूर तक न फैले। इसके लिए मुख्यालय ने नए नियम के तहत नप प्रशासन को अपने स्तर पर प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए हैं। जल्द ही इसके एस्टीमेट व टेंडर प्रक्रिया को पूरा करके चारदीवारी का निर्माण शुरू करवाया जाएगा। यह चारदीवारी सीसी से बनाई जाएगी। -नवीन सहरावत, एक्सईएन, नगर परिषद, गोहाना



