कावंड़ यात्रा में सड़कों के गड्ढे शिवभक्तों की राह में मुश्किल बनेंगे।मुख्य रोड की हालत जर्जर
सावन महीने में कांवड़ यात्रा को लेकर अधिकारियों की तैयारियां अब तक अधूरी हैं। हालात यह हैं कि शहर में जिन सड़कों से होकर शिवभक्त होकर गुजरेंगे, उनकी हालत जर्जर बनी हुई है। ऐसे में इन सड़कों के गड्ढे शिवभक्तों की राह में मुश्किल बनेंगे। इसको लेकर स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द सड़कों का समाधान कराने की मांग कर रहे हैं। गोहाना शहर की मुख्य सड़कें जींद, बरोदा, महम, रोहतक, पानीपत समेत अन्य मुख्य मार्गों को आपस में जोड़ती हैं।
ऐसे में दिन के साथ रात में भी वाहनों का आवागमन अधिक रहता है। सावन महीने में रोहतक, महम, राजस्थान व आसपास के गांवों से शिवभक्त शहर की इन्हीं सड़कों से होकर गुजरते हैं। अब 4 जुलाई से सावन महीने के साथ कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है तो उसके बावजूद शहर की सड़कें जर्जर हालत में हैं। अभी तक संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सड़कों की मरम्मत नहीं कराई है। इस कारण जहां वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं अब कांवड़ यात्रा में सड़कों के गड्ढे व रोड़े शिव भक्तों के लिए मुश्किल बनेंगे।



