गोहाना के गुढ़ा गांव के रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने नॅशनल वेटरन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में जीते तीन पदक
गोहाना :-12 फरवरी: हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर कृष्ण लाल ने पहले ही प्रयास में नॅशनल वेटरन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में तिहरे पदक हासिल कर लिए। उन्होंने तमिलनाडु में हुई इस चैम्पियनशिप में एक रजत और दो कांस्य पदक प्राप्त किए।
कृष्ण लाल गोहाना के गुढ़ा गांव के रहने वाले हैं। वह दो साल पहले 31 मार्च 2022 को पुलिस इंस्पेक्टर के पद से रिटायर हुए। उन्होंने तमिलनाडु में तिरुनेलवेल्ली में पलायमकोट्टई स्थित अन्ना स्टेडियम में आयोजित 43वीं नेशनल वेटरन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में भाग लिया। यह चैम्पियनशिप वेटरन एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में तमिलनाडु मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन द्वारा 2 फरवरी से 4 फरवरी तक करवाई गई।
यह प्रथम अवसर था जब कृष्ण लाल ने वेटरन चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया। उन्होंने 200 मीटर की हर्डल रेस में रजत पदक प्राप्त किया। उन्होंने 100 मीटर हर्डल दौड़ और जेवेलिन में कांस्य पदक अपने नाम किए। इस तरह से पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने अपने पहले ही प्रयास में तीन-तीन पदों पर कब्जा कर लिया।