इनेलो के गोहाना विधानसभा क्षेत्र प्रभारी ओम प्रकाश गोयल ने आह्वान किया :-घर-घर जा कर बनाएं इनेलो के नए कार्यकर्ता
गोहाना :-2 फरवरी : आप घर-घर जा कर इनेलो के नए कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा बनाएं। शुक्रवार को यह आह्वान गोहाना विधानसभा क्षेत्र प्रभारी ओम प्रकाश गोयल ने किया। वह गोहाना विधानसभा क्षेत्र की कार्यकर्ता सभा को संबोधित कर रहे थे।
कार्यकर्ता सभा की अध्यक्षता सोनीपत इनेलो के जिला अध्यक्ष एडवोकेट कृष्ण मलिक ने की। संयोजन गोहाना हलके के अध्यक्ष दिलबाग सिंह मलिक ने किया। मार्गदर्शन करने के लिए विधानसभा प्रभारी और पिछले चुनाव में गोहाना हलके के इनेलो प्रत्याशी ओम प्रकाश गोयल पहुंचे। जिला अध्यक्ष एडवोकेट कृष्ण मलिक ने कहा कि चुनाव सिर पर हैं। कार्यकर्ता दिल लगा कर मेहनत करें। आने वाला कल अभय सिंह चौटाला का है। इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव में निश्चित रूप से इनेलो पार्टी की सरकार बनेगी तथा छोटे से छोटे कार्यकर्ता को पलकों पर बैठाया जाएगा।
विधानसभा क्षेत्र प्रभारी ओम प्रकाश गोयल ने कहा कि किसी भी पार्टी की रीढ़ की हड्डी उसके कार्यकर्ता होते हैं। पुराने कार्यकर्ताओं का यह नैतिक कर्तव्य है कि वे ज्यादा से ज्यादा नए कार्यकर्ता पार्टी से जोड़ें। सदस्यता अभियान जितना कामयाब होगा, पार्टी उतनी ही अधिक मजबूत बन जाएगी।



