गोहाना के लाला मातुराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग के 3 और आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
दो आरोपी गोहाना के सिकंदरपुर माजरा, तीसरा आरोपी रोहतक के सांघी गांव का, वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
गोहाना :-2 फरवरी: लाला मातूराम् हलवाई की दुकान पर हुई फायरिंग के बहुचर्चित मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस का दावा है कि तीन और आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। इन में से दो आरोपी गोहाना के ही सिकंदरपुर माजरा गांव हैं और तीसरा आरोपी रोहतक जिले के सांघी गांव का है। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त बाइक को भी बरामद कर लिया गया है।
गोहाना के लॉर्ड शिवा चौक में लाला मातू राम हलवाई की देसी घी की जलेबियां बनाने वाली सबसे पुरानी दुकान स्थित है। 21 जनवरी की सुबह 10:45 बजे एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने इस दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। तब दुकान के मालिक और उसके कारीगरों ने जैसे-जैसे छुप कर अपनी जान बचाई थी। आरोपियों ने 37 राउंड फायरिंग की थी। वारदात के समय दुकान पर दूध की सप्लाई देने आया माहरा गांव का दूधिया बिजेंद्र घायल हो गया था।
30 जनवरी इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में सम्पूर्ण गोहाना बंद हुआ था। तब पुलिस के ए.सी.पी. ने महाराजा अग्रसेन चौक मैं जनता के बीच पहुंच कर गिरफ्तारियों के लिए 7 दिन का समय मांगा था, पर साथ में आश्वस्त किया था कि इस मियाद से पहले ही पुलिस आरोपियों को दबोच लेगी।
पुलिस का कहना है कि जनता को दिए भरोसे पर वह खरी उतरी है तथा मांगी समय सीमा के चौथे दिन ही तीन अतिरिक्त आरोपी पकड़ लिए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एक एस.आई.टी. का गठन किया गया। एस.आई.टी. हेड गोहाना पुलिस जिले के डी.सी.पी. हैं। एस.आई.टी. में ए.सी.पी. के साथ गोहाना सिटी थाने, गोहाना साइबर सेल, गोहाना की स्पेशल क्राइम यूनिट, सोनीपत की स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट और सोनीपत के ए.वी.टी. स्टाफ के प्रभारियों को शामिल किया गया है।
पुलिस एक नाबालिग समेत 3 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शुक्रवार रात को जारी विज्ञप्ति में पुलिस ने दावा किया कि लाला मातूराम हलवाई की शॉप पर फायरिंग के लिए तीन आरोपी और गिरफ्तार किए गए हैं। नई गिरफ्तारियां सिकंदरपुर माजरा गांव के दो आरोपियों दीपक स्वामी पुत्र कर्ण सिंह, राम दिनेश उर्फ दिनेश पुत्र फूल कुवार के साथ साधी गांव के दीपिन पुत्र जोगेंद्र की हुई हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में नए गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रोहित छपार और अन्य आरोपियों के साथ मिल कर पहले रेकी की थी। वारदात से एक दिन पहले रोहित छपार के साथ मिल कर योजना तैयार की थी।
पुलिस आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार अब पकड़े गए आरोपियों से उस बाइक को बरामद कर लिया गया है जिसे वारदात में इस्तेमाल किया गया था। पुलिस का कहना है कि वारदात में संलिप्त बाकी के और आरोपी भी अब शीघ्र पकड़ लिए जाएंगे।



