गोहाना में भारतीय किसान यूनियन ने शव यात्रा निकाल फूंका कृषि सलाहकार का पुतला
गोहाना :-1 फरवरी: भारतीय किसान यूनियन ने शव यात्रा निकाल फूंका कृषि सलाहकार का पुतला यूनियन गुरुवार को प्रदेश के कृषि सलाहकार और रिटायर्ड आई.ए.एस. अधिकारी पर रिलायंस बीमा कम्पनी से मिलीभगत का आरोप दोहराया।
लघु सचिवालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर चार दिन से चल रहे बेमियादी धरने में पहले सलाहकार के पुतले की शव यात्रा निकाली गई तथा उसके बाद समीप में ही पुतले का दहन भी किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने किया।
सोनीपत जिले के किसान सोमवार से गोहाना में अनिश्चितकालीन धरने पर डटे हुए हैं। किसानों में रोष है कि सरकारी संरक्षण में रिलायंस बीमा कम्पनी ने पी. एम. किसान बीमा योजना की जिले के 5 हजार से ज्यादा किसानों की पॉलिसी अवैध रूप से रद्द कर दी तथा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सलाहकार कम्पनी को बचा रहे हैं।
भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यवान नरवाल ने कहा कि कम्पनी किसानों पर दोहरी मार कर रही है। जिन किसानो का कोई नुकसान नहीं हुआ, उनकी पॉलिसियों के प्रीमियम को कम्पनी ने चुपचाप लूट लिया। जिन का नुकसान हुआ, उनको मुआवजा देने से बचने के लिए अवैध रूप से उनकी पॉलिसी रद्द कर दी गई।
सत्यवान नरवाल ने कहा कि जिला स्तर की अपील पीड़ित किसान जीत चुके हैं। रिलायंस बीमा कम्पनी ने राज्य स्तर पर चुनौती दे रखी है। कायदे से एक महीने से फैसला हो जाना चाहिए था। लेकिन कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सलाहकार दस महीने से उस अपील को दबाए बैठे हैं।
किसानों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन करने के लिए लोसपा नेता अरुण निनानिया, जन संघर्ष मंच के रघुबीर विरोधिया, रुखी गांव की सरपंच के प्रतिनिधि पति राजमल मलिक आदि भी पहुंचे। पुतला दहन में भगत सिंह, कृष्ण मलिक, सुरेश नरवाल, नीरज माथुर, शमशेर मलिक, सुभाष पंवार, राजबीर मलिक, ओम प्रकाश मलिक, जगमंद्र कालीरामण आदि भी पहुंचे।



