सर्व कर्मचारी संघ ने गोहाना में दिया रोहतक रैली का न्योता
गोहाना :-1 फरवरी : गुरुवार को सर्व कर्मचारी संघ की टीम ने विभिन्न सरकारी कार्यालयों का दौरा किया तथा 4 फरवरी को रोहतक में होने वाली राज्यस्तरीय आक्रोश रैली का न्योता दिया। कार्यालयों में जाने वाली टीम का नेतृत्व ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के प्रदेश सचिव प्रभु दयाल ने किया।
उनके साथ टीम में सर्व कर्मचारी संघ की गोहाना इकाई के सचिव सुरेश यादव के साथ जितेंद्र शर्मा, सतीश कुमार, जोगेंद्र नरवाल, राजेश बुटाना, प्रदीप कुमार और वीरेंद्र चोपड़ा थे।
प्रदेश सचिव प्रभु दयाल ने कहा कि रोहतक की आक्रोश रैली कच्चे कर्मचारियों को पक्का करवाने, पुरानी पेंशन नीति बहाल करवाने, कौशल रोजगार निगम को भंग करवाने, एक्स ग्रेशिया पॉलिसी को बहाल करवाने जैसी लंबे समय से बकाया मांगों को पूरा करवाने के लिए होगी।
सर्व कर्मचारी संघ की गोहाना इकाई के सचिव सुरेश यादव ने बताया कि रोहतक रैली की तैयारी के लिए सरकारी कार्यालयों के दौरे निरंतर किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रोहतक रैली में गोहाना से बड़ी संख्या में कर्मचारी भाग लेंगे।
सुरेश यादव के अनुसार अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 16 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल भी होगी।



