गोहाना बंद की कामयाबी से पुलिस आई घुटनों पर, ACP पहुंचे व्यापारियों के बीच ; पुलिस ने मांगा 5 तक का समय, गठित होगी एस.आई.टी.
गोहाना :-30 जनवरी : मंगलवार के सम्पूर्ण बंद ने पुलिस को घुटने के बल ला दिया। पुरानी अनाज मंडी अग्रसेन चौक में शाम के समय दोबारा जुटे व्यापारियों के बीच ए.सी.पी. – प्रथम नरेंद्र खटाना पहुंचे। उनके आग्रह पर व्यापारी 5 फरवरी तक का समय देने के लिए तैयार हो गए।

यह स्वीकृति यह मांग पूरी होने पर दी गई कि लाला मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग के आरोपियों को पकड़ने के लिए एक एस.आई.टी. का गठन किया जाएगा। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि तय वक्त तक बदमाश न पकड़े जाने पर 6 फरवरी को पूरा हरियाणा बंद होगा।
मंगलवार की सुबह पहले व्यापारी उक्त चौक में एकत्र हुए। वहां से उनका जुलूस अंबेडकर चौक में पहुंचा। लेकिन दोनों चौकों में पुलिस या प्रशासन का कोई छोटा या बड़ा अधिकारी अथवा सत्तारूढ़ भाजपा का कोई शीर्षस्थ नेता नहीं पहुंचा। इससे व्यापारी नाराज थे। शाम के समय अगली रणनीति तय करने के लिए पुनः जो बैठक अग्रसेन चौक में हुई, उसमें ए.सी.पी. प्रथम नरेंद्र खटाना भी पहुंचे। खटाना के साथ सोनीपत जिला परिषद के सी.ई.ओ. डॉ. सुशील मलिक भी पहुंचे।
व्यापारियों ने पुलिस और प्रशासन पर जम कर सवालों की बौछार की। गोहाना अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष अशोक जैन का सवाल था कि अब तक बीते 10 दिन में पुलिस ने बदमाश पकड़ने के लिए क्या किया है तथा मांगे जा रहे अतिरिक्त समय में क्या करने का प्लान है। अशोक जैन ने कहा कि बदमाशों के चित्र सार्वजनिक करो. फायरिंग में इस्तेमाल उनकी बाइक का नंबर पुलिस बताए। उन्होंने कहा कि हमें रिजल्ट चाहिए चाहे आप सी.आर.पी.एफ. लगाओ या आर्मी बुलाओ
बैठक की अध्यक्षता व्यापारी संघर्ष समिति के अध्यक्ष विनोद सहरावत ने की। संजय दुहन ने कहा कि जनता को कमेटियों में न उलझाया जाए। अगर सिटी थाने की पुलिस बदमाशों को नहीं पकड़ पा रही है तो केस को स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम (एस.आई.टी.) को सौंप दिया जाए।
इसके बाद सोनीपत भाजपा के उपाध्यक्ष और नगर परिषद की चेयरपर्सन इंद्रजीत विरमानी माइक पर आए। उन्होंने दावा किया कि आला अफसरों से ए. सी. पी. प्रथम की बात हो गई है। आला अधिकारियों ने एस.आई.टी. के गठन की मांग मंजूर कर दी है।
विरमानी ने कहा कि पुलिस को कुछ वक्त की जरूरत है। उन्होंने व्यापारियों से पूछा कि क्या पुलिस को वक्त दे दें। इस पर सोमवार यानी 5 फरवरी तक का समय देने पर सहमति बन गई।
लेकिन इंद्रजीत विरमानी ने नरेंद्र खटाना से कहा कि वह खुद माइक पर आएं। खटाना ने माइक संभाला। उन्होंने तसदीक की कि एस.आई.टी. के गठन की मांग बड़े अफसरों ने मान ली है। ए.सी.पी. ने कहा कि पुलिस की कोशिश रहेगी कि 7 दिन का वक्त पूरा होने से पहले बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाए।
‘व्यापारी संघर्ष समिति के अध्यक्ष विनोद सहरावत ने कड़े शब्दों में कहा कि अगर पुलिस ने अपना वायदा पूरा नहीं किया, अगले मंगलवार को 6 फरवरी को गोहाना में व्यापारी फिर से अग्रसेन चौक में इकट्ठे होंगे। उन्होंने कहा कि उसके बाद बंद अनिश्चितकाल के लिए होगा तथा अकेला गोहाना नहीं, पूरा हरियाणा बंद होगा।
