रामचंद्र जांगड़ा फिर से गोहाना से चुनाव लड़ने के लिए हैं तैयार
गोहाना :-27 जनवरी राज्यसभा के भाजपा सांसद रामचंद्र जांगड़ा एक बार फिर से गोहाना हलके से विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने साफ कहा, मैं तो 2019 में भी लड़ना चाहता था, पर पार्टी ने राज्यसभा सांसद बना कर केंद्र में भेज दिया।
रामचंद्र जांगड़ा गोहाना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वह दस साल पहले 2014 में गोहाना हलके से किस्मत आजमा चुके हैं। तब उन्हें भाजपा ने उम्मीदवार बनाया था। राज्यसभा सांसद ने दावा किया कि भाजपा न केवल सब दस लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करेगी अपितु 5 साल पहले की तरह से सब सीटों पर जीत भी दर्ज करेगी। जब उनसे सवाल किया गया कि समान दावा जजपा भी कर रही है तो राज्यसभा सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में सब को अपनी बात कहने का हक है।
विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा सी. एम. बनने के दावे पर रामचंद्र जांगड़ा ने कटाक्ष किया कि खुशफहमी में रहने का हक सब को है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर असम में केस दर्ज होने पर राज्यसभा सांसद ने कहा कि वह रोज ऐसे ही काम करते हैं। आई.पी.सी. का कौन-सा ऐसा सेक्शन है जो उन पर लागू नहीं होता।
रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि गोहाना शहर में सी.सी.टी.वी. कैमरे जल्दी लग जाएंगे। ये कैमरे उनकी सांसद निधि से लगेंगे।



