गोहाना के लाला मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग, बदमाश न पकड़े जाने से भड़के व्यापारी ; अरेस्ट नहीं एनकाउंटर, 30 से अनिश्चित काल तक गोहाना बंद का ऐलान
गोहाना :-27 जनवरी: 21 जनवरी की सुबह लाला मातूराम की देसी घी की जलेबियों की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की गंभीर घटना में अब तक पुलिस के हाथ पूरी तरह से खाली हैं। इससे भड़के व्यापारियों ने बैठक की और तीखे तेवर दिखाए।
बैठक में दो टूक कहा कि अरेस्ट नहीं, बदमाशों का सीधा एनकाउंटर हो। 29 जनवरी तक ऐसा न होने पर 30 जनवरी से गोहाना बेमियादी तौर से पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। रविवार को व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग आएंगे।
6 दिन पहले लॉर्ड शिवा चौक में स्थित लाला मातूराम की देसी घी की जलेबियों की दुकान पर 37 राउंड की गोलीबारी की गई। माहरा गांव का दूधिया बिजेंद्र गोली लगने से घायल भी हो गया।
दुकान के मालिक और कारीगरों ने छुप कर अपनी जान बचाई। पूरी वारदात सी.सी.टी.वी. की फुटेज में कैद हो गई। बदमाशों के सींखचों से दूर रहने से अब व्यापारियों के सब्र का पैमाना छलक गया है। व्यापारियों के प्रमुख संगठनों की संयुक्त बैठक पुरानी अनाज मंडी के अग्रवाल सत्संग भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता इस सत्संग भवन के अध्यक्ष रामधन भारतीय ने की।
विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के तौर पर नरेंद्र गहलावत, बलराम कौशिक, इंद्रजीत विरमानी, वीरेंद्र सिंह आर्य, विकास जैन, संजीव सिंघल, श्रीकृष्ण खंडेलवाल, सुभाष विरमानी, राम निवास गुप्ता, डॉ. मनोज शर्मा, संजय मेहंदीरत्ता, जीतेंद्र गेरा, मनोज बजाज, गुलशन बजाज, मनीष गोयल, अनिल सहरावत, संजय दूहन, प्रदीप चहल, गौरव जैन, बलराजे गुलिया आदि पहुंचे। नई अनाज मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद सहरावत की अध्यक्षता में सब संगठनों की संयुक्त कमेटी बन गई।
विनोद सहरावत ने कहा कि व्यापारी अब तक पुलिस के इस दावे से चुप थे कि पुलिस बदमाशों के नजदीक पहुंच गई है तथा एस.टी.एफ. समेत पुलिस की नौ टीमें दिन-रात एक कर रही हैं। अब पुलिस को और ज्यादा वक्त नहीं दिया जासकता। व्यापारी सोमवार तक इंतजार करेंगे। उसके बाद मंगलवार से गोहाना पूरी तरह बंद हो जाएगा। छोटी से छोटी दुकान से बड़ी से बड़ी फैक्ट्री तब तक बंद रहेंगी जब तक व्यापारियों की मांग के हिसाब से सख्त कार्रवाई नहीं हो जाएगी।
समस्त व्यापारिक संगठनों की साझी कमेटी के अध्यक्ष विनोद सहरावत ने कहा कि अब बदमाशों की अरेस्ट नहीं, यू.पी. के सी.एम. के योगी मॉडल पर सीधे बदमाशों का एनकाउंटर चाहिए।
लाला मातूराम की दुकान पर फायरिंग से पूरा व्यापारी वर्ग दहला हुआ है। वह तभी राहत की सांस ले पाएगा जब बदमाशों का सफाया हो जाएगा। हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग रविवार को गोहाना आएंगे। वह पीड़ित व्यापारी से मुलाकात करेंगे।



