गोहाना के होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल के छात्र जय वत्स ने दिया ईमानदारी का परिचय
गोहाना :-25 जनवरी : गोहाना-पानीपत मार्ग पर स्थित होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 8 के छात्र जय वत्स ने ईमानदारी का परिचय दिया। स्कूल बस की प्रतीक्षा करते हुए उसे एक पर्स मिला जिसमें 10 हजार रुपए कैश और दस्तावेज थे। यह पर्स उसके मालिक मजदूर को सुरक्षित सौंप दिया गया।
घटना बुधवार की है। जय वत्स का परिवार गुढ़ा रोड पर स्थित गीता कॉलोनी में रहता है। जय वत्स की स्कूल की बस का स्टॉप गीता विद्या मंदिर के निकट है। जय स्कूल बस का इंतजार कर रहा था। इसी बीच वहां से एक बाइक गुजरी। बाइक पर एक महिला और पुरुष बैठे थे। चलती बाइक से एक पर्स नीचे गिर गया। जय की निगाह उस पर्स पर पड़ी तो उस पर्स को उठा लिया। पर्स में दस हजार कैश और दस्तावेज थे। जय ने पर्स को वहीं खड़े राजेश कुमार को सौंप दिया कि कोई खोजता हुआ आए तो उसे दे देना।
पर्स गांधी नगर के सतीश और उनकी पत्नी गीता का था। यह परिवार रोज बथुआ तोड़ कर उस की सेल करता है। राजेश ने पति-पत्नी को उनका पर्स सुपुर्द कर दिया। गुरुवार को होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल की प्रिंसिपल सिस्टर सविधा ने ईमानदारी दिखाने वाले जय वत्स और उसके पिता सुनील वत्स को सम्मानित किया। सुनील वत्स भाजपा के दिग्गज नेता हैं।



