श्री भगवान ने बी. पी. एस. राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज में कहा-पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की अहम भागीदारी
गोहाना :-17 जनवरी: गांव खानपुर कलां स्थित बी. पी. एस. राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज में बुधवार को युवा एवं पर्यावरण विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत पर्यावरण विभाग के सह संयोजक और अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान के प्रमुख श्रीभगवान और महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रांत प्रमुख डा. डालवंद मुख्य रूप से पहुंचे। अध्यक्षता कॉलेज के निदेशक डा. जगदीश चंद्र दुरेजा ने की।
श्रीभगवान ने कॉलेज की छात्राओं, चिकित्सकों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी हम सबकी है। इसमें युवाओं की अहम भागीदारी होती है और पर्यावरण संरक्षण हमारे जीवन के लिए अति आवश्यक है।
निदेशक डा.दुरेजा ने कहा कि पर्यावरण को पौधारोपण और घरों के साथ आसपास में सफाई करके ही अच्छा बनाया जा सकता है। इस मौके पर एम.बी.बी.एस. की छात्राओं के लिए रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें प्रथम व द्वितीय स्थान पर आने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। रंगोली में प्रथम और द्वितीय स्थान 2022 बैच की छात्राओं का रहा। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में भी इसी बैच की छात्राएं पहले और बी. एस. सी. एम. एल. टी. की छात्राएं दूसरे स्थान पर रही। युवाओं से पॉलीथिन का इस्तेमाल न करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से डॉ. अनिल, भावना, दीपक, डॉ. स्वर्ण कौर, डॉ. ए. पी. एस. बत्रा, डॉ अनिल गुलिया आदि मौजूद रहे।


