गोहाना के महम मोड़ और खरखौदा रोड पर हुए हादसों में 3 घायल
गोहाना :-17 जनवरी : शहर में महम मोड और खरखौदा रोड पर हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। इसको लेकर घायलों ने संबंधित थानों में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामले दर्ज कर लिए हैं।
पहले मामले में ककाना भादरी गांव निवासी मेहर सिंह ने शहर थाना की पुलिस को बताया कि वह मंगलवार को घरेलू सामान लेने के लिए गोहाना आया हुआ था। इसके बाद शाम करीब 6 बजे वह अपनी बाइक पर गांव के ही वीरभान बैठाकर वापस घर जा रहा था। जब वह शहर में महम मोड़ से थोड़ा आगे पहुंचे तो एक चालक अंबेडकर चौक की तरफ से अपनी कार को तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाता हुआ आया और उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। इससे वे दोनों बाइक से नीचे गिर गए, जिसके बाद चालक अपनी कार को लेकर वहां से फरार हो गया। वहीं वीरभान ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
दसरे मामले में जौली गांव निवासी बारू ने सदर थाना की पुलिस को बताया कि वह ड्राइवर का काम करता है। वह मंगलवार को अपनी गाड़ी में गोहाना से सामान लेकर फरमाणा जा रहा था। जब वह दोपहर करीब 12 बजे खरखौदा रोड पर एक लकड़ी के आरे के पास पहुंचा तो एक चालक अपनी कार को फरमाणा की तरफ से तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाता हुआ आया और उसकी गाड़ी में सीधी टक्कर मार दी। इससे उसे काफी चोटें आई, जिसके बाद आरोपी चालक वहां से फरार हो गया। बाद में राहगीरों ने उसे बी. पी. एस. राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में दाखिल कराया।
इसी के आधार पर दोनों मामलों में संबंधित थाना की पुलिस ने आरोपी चालकों की तलाश शुरू कर दी है।



