डी. एम. सी. ने किया गोहाना की दिव्य नगर योजना में शामिल परियोजनाओं का निरीक्षण
गोहाना :-17 जनवरी : जिला निगमायुक्त ( डी.एम.सी.) विश्राम कुमार मीणा ने बुधवार को दिव्य नगर योजना में शामिल किए परियोजनाओं का निरीक्षण किया। नगर परिषद के अधिकारियों ने प्रोजेक्टों के लिए जो प्रस्ताव तैयार किए हैं उनके अनुसार मौके पर जाकर स्थिति को देखा। उन्होंने मौके पर ही प्रोजेक्टों की ड्राइंगों को देखकर उनमें कुछ अतिरिक्त कार्य शामिल करने के सुझाव भी दिए ।
मीणा ने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों ने शहर के विकास के लिए अच्छा प्लान तैयार किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावों को जल्द उनके कार्यालय में भेजें, जिनको मुख्यालय भिजवाया जाएगा।
नगर परिषद गोहाना ने शहर में पानीपत से रोहतक रोड, महम रोड से जींद रोड स्थित आश्रम, बरोदा रोड, रोहतक रोड स्थित श्मशान घाट और दरियापुर बस्ती में स्थित तालाब को दिव्य नगर योजना में शामिल किया है। इन प्रोजेक्टों के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं जिन पर लगभग 33 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान लगाया है। योजना के तहत नगर परिषद शहर के तीन मार्गों पर सौन्दर्यीकरण के कार्य करवाएगी।
श्मशान घाट में बड़े स्तर पर सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। दरियापुर बस्ती के तालाब को झील के रूप में तैयार करवाकर यहां पिकनिक स्पाट बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्टों के प्रस्ताव और प्रारंभिक ड्राइंग तैयार करवाई जा चुकी है।
बुधवार को निगमायुक्त विश्राम कुमार मीणा गोहाना पहुंचे। उन्होंने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत विरमानी, नगर परिषद की ई. ओ. निशा शर्मा, एक्स. ई. एन. नवीन सहरावत, जे.ई. अंकित धनखड़, कर्मचारी प्रवीण के साथ प्रस्तावित परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पांचों जगह पहुंचकर नगर परिषद द्वारा तैयार करवाई गई ड्राइंग के अनुसार स्थिति को देखा।
श्मशान घाट में उन्होंने प्रवेश द्वारों के निकट शौचालय बनाने की भी सलाह दी। इस मौके पर श्री राम कार सेवा समिति से हरभगवान चोपड़ा व अन्य प्रतिनिधि रहे।
डी. एम. सी. ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावों को जल्द उनके कार्यालय में भिजवाया जाए। वहां से उनको मुख्यालय भिजवा दिया जाएगा।
