गोहाना के शामड़ी गांव के खेत में काम कर रहे बाप-बेटों पर हमला, 6 पर केस
गोहाना :-16 जनवरी : गोहाना सदर थाने के शामड़ी गांव की बूरान पंचायत में रहने वाले एक किसान और उसके दो बेटों पर उस समय हमला कर दिया गया जब वे अपने खेतों में काम कर रहे थे। पीड़ित किसान के बयान पर पुलिस ने 5 नामजद समेत 6 आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया।
दिलबाग पुत्र दयाचंद शामड़ी बूरान का रहने वाला है। गोहाना सदर थाने की मुंडलाना गांव में स्थित पुलिस चौकी को दिए बयान में उसने कहा कि वह अपने जंगल वाले खेत में काम कर रहा था। वहीं एक किला दूर उसके बेटे मनोज और नवीन काम कर रहे थे।
दिलबाग का कहना है कि उसी के गांव का रामबीर पुत्र ओम प्रकाश और उसका बेटा विक्की वहां आए और कहने लगे कि डोलों पर पानी क्यों लगा हुआ है। तभी वहां रामबीर के भाई रामफल, जयभगवान और जयभगवान के बेटे नोन के साथ एक अन्य व्यक्ति भी आया।
पीड़ित किसान का आरोप है कि छहों आरोपियों ने पहले उससे गाली-गलौज किया। उसके बाद उसे और उसके बेटे की सफेदे के डंडे से पिटाई की। आरोपियों ने लकड़ी काटने से दा से भी वार किए। उसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
पुलिस ने 5 नामजद सहित 6 आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी।



