रिंढ़ाणा गांव में देवर ने अपने तीन बच्चों के साथ घर में घुस कर अपनी भाभी और भतीजियों को पीट डाला
गोहाना :-16 जनवरी : बरोदा थाने के रिंढाणा गांव में एक महिला और उसकी दो बेटियों को उसी के देवर ने अपने तीन बच्चों के साथ घर में घुस कर पीट डाला। पीड़िता का कसूर इतना भर था कि उसने अपने प्लॉट में उपलों का बिटोड़ा उखड़ा मिलने पर अपनी बहन को उलाहना दिया था। बहन उसकी देवरानी भी है। पुलिस ने आरोपी और उसकी दो बेटियों पर केस दर्ज कर लिया तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी।
निर्मला और संतोष रिंढाणा गांव के दो सगे भाइयों से विवाहित हैं। निर्मला पत्नी रमेश ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह अपने प्लॉट में गई तो उसे बिटोड़ा उखड़ा मिला। जब वह घर आई, उसने आवाज लगा कर अपनी बहन और देवरानी संतोष पत्नी शमशेर को उलाहना दिया।
निर्मला का आरोप है कि शमशेर अपनी बेटी स्वाति, दो बेटों-दीपक और सौरभ के साथ जबरन उसके घर में घुसा। चारों आरोपियों ने मां और उसकी दो बेटियों रितु और रेखा को डंडों के साथ लात-घूंसों से बुरी तरह से धुना। तीनों मां-बेटियों के बचाव में चिल्लाने पर जब पड़ोसी जमा हुए, तब आरोपी वहां से भाग गए।
पुलिस ने निर्मला के बयान पर आरोपी और उसके तीनों बच्चों पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस जांच कर रही है।



