गोहाना के गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज में महिला सेल ने आयोजित की यौन उत्पीड़न पर संगोष्ठी
यौन उत्पीड़न की शिकायतों में पीड़िता का परिचय रहेगा गुप्त डॉ. शर्मा
गोहाना :-16 जनवरी : अगर कोई आप का यौन उत्पीड़न करता है, आप न डरें, न चुप रहें। अपने माता-पिता को भी तुरंत बताएं और अध्यापकों को भी सक्षम स्तर पर शिकायत करने में भी देरी न करें। पीड़िता की ओर से शिकायत उसके अभिभावक भी कर सकते हैं।
शहर के गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज में यह खुलासा नागरिक अस्पताल के डॉ. चक्रवर्ती शर्मा ने किया। वह कॉलेज में महिला सेल द्वारा यौन उत्पीड़न पर आयोजित संगोष्ठी को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। अध्यक्षता वाइस प्रिंसिपल चाँद सिंह मोर ने की तथा संयोजन प्राध्यापक रेखा और नीरज दहिया ने किया।
मुख्य वक्ता डॉ. चक्रवर्ती शर्मा ने कहा कि यह अनिवार्य है कि प्रत्येक कार्य स्थल, स्कूल और कॉलेज, जहां संख्या 10 से अधिक है, वहां इंटरनल कमेटी गठित होगी जो यौन उत्पीड़न की शिकायतें स्वीकार करेगी और उनकी जांच करेगी। यदि यह कमेटी सुनवाई न करे, जिला स्तर की कमेटीको शिकायत की जा सकती है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि यौन उत्पीड़न पर मौन आरोपी को प्रोत्साहित करता है। ऐसी कोई भी गलत हरकत होने पर पीड़िता को बिलकुल भी देरी नहीं करनी चाहिए। अगर वह स्वयं न चाहे, उसकी तरफ से उसके माता-पिता भी शिकायत कर सकते हैं। आरोपियों से सख्ती से निपटने पर ही वे हतोत्साहित होंगे।
वाइस प्रिंसिपल चांद सिंह मोर ने कहा कि यौन उत्पीड़न की घटनाएं सभ्य समाज के लिए चिंता की विषय है तथा उनसे दृढ़ता से निपटे जाने की आवश्यकता है।



