राष्ट्रपति ने गोहाना को हरियाणा के सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ शहर के अवार्ड से किया अलंकृत ; दिल्ली से वापस लौटने पर नगर परिषद की टीम का हुआ भव्य स्वागत
गोहाना :-11 जनवरी : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को गोहाना को हरियाणा के सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ शहर के अवार्ड से अलंकृत किया। नई दिल्ली में हुए विशेष समारोह में यह अवार्ड नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने ग्रहण किया।
उन्होंने इस अवार्ड को नगर पार्षदों और सफाई कर्मचारियों संग गोहाना की जनता को अर्पित किया। इस अवार्ड को स्वीकार करने के लिए चेयरपर्सन नगर पार्षदों, अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों की एक जंबो टीम के साथ गई। इधर, दिल्ली से वापस लौटने पर गोहाना में चेयरपर्सन की टीम का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया।
यह लगातार दूसरा साल है जब भारत सरकार ने गोहाना शहर को हरियाणा की सभी नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में सबसे साफ शहर घोषित किया है। यह अवार्ड सितंबर-अक्तूबर 2023 में देशभर में हुए स्वच्छता सर्वेक्षण के आधार पर प्रदान किया गया है।
अवार्ड केंद्रीय स्वच्छता सचिव मनोज जोशी ने प्रदान किया। स्वच्छता अवार्ड को गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने ई. ओ. निशा शर्मा और सैनेट्री इंस्पेक्टर दुर्गा देवी पवार संग ग्रहण किया। अलंकरण समारोह में स्वयं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओर मोदी सरकार के शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी भी पधारे।
गोहाना नगर परिषद की जो टीम स्वच्छता अवार्ड को प्राप्त करने के लिए नई दिल्ली गई, उस टीम में नगर पार्षदों में जगदीश राय मदीना, रमेश परुथी, भगवती सुनील राजपाल, अंजू राजौरा, राम सिंह सैनी, सुमन सैनी, आजाद सिंह मलिक, ज्योति देवी, राजेश चौहान, नरेंद्र कुमार और जतीश कपूर थे।
इस टीम में सफाई कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व राजेश पाराशर, रवि वाल्मीकि, महेश कुमार, केला देवी, महेंद्र, प्रेम और संदीप ने किया। साथ में चेयरपर्सन के पति और सोनीपत भाजपा के जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत विरमानी भी गए।
गोहाना शहर को हरियाणा का सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ शहर का अवार्ड मिलने से चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी बेहद खुश हैं दिल्ली से वापसी पर शाम के समय नगर परिषद की टीम का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने विरमानी युगल को फूलमालाओं से लाद दिया।
रजनी इंद्रजीत विरमानी ने इस अलंकरण का
श्रेय गोहाना शहर की समग्र जनता के सहयोग को दिया।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों और नगर पार्षदों के मार्गदर्शन में सफाई कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा और समर्पण से अपने कर्तव्य का पालन किया जिसके बूते नगर परिषद को राष्ट्रीय स्तर पर यह अवार्ड मिला तथा राष्ट्रपति के करकमलों से सम्मानित होने का अत्यन्त दुर्लभ अवसर मिला।



