प्रेरणा उत्सव में गोहाना के सत्यानंद पब्लिक स्कूल के छात्र तनीष सेठी सोनीपत में जिला स्तर पर प्रथम
गोहाना :-10 जनवरी : आदर्श नगर स्थित सत्यानंद पब्लिक स्कूल का छात्र तनीष सेठी सोनीपत की जिला स्तर की प्रेरणा उत्सव निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहे हैं। सम्मान स्वरूप उन्हें गुजरात में 7 दिन की एक्सपेरिमेंटल लर्निंग की ट्रेनिंग दी जाएगी।
सत्यानंद पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल सीमा श्योराण के अनुसार तनीष सेठी स्कूल में कक्षा 11 के छात्र हैं। 7 जनवरी को प्रेरणा उत्सव की प्रतियोगिता गोहाना खंड के स्तर पर हुई। इस प्रतियोगिता में निबंध लेखन में तनीष सेठी को सर्वप्रथम घोषित किया गया। इस प्रतियोगिता में 100 लड़के और इतनी ही लड़कियों ने हिस्सा लिया था।
प्रिंसिपल ने आगे बताया कि खंड स्तर पर प्रथम रहने के बाद उनके छात्र तनीष सेठी ने सोनीपत की जिला स्तर पर हुई प्रेरणा उत्सव की निबंध प्रतियोगिता में भाग लिया। इस प्रतियोगिता में भी तनीष सेठी प्रथम स्थान पर रहे। अपने मेधावी बच्चे की इस कामयाबी से पूरा स्कूल खुश है। सीमा श्योराण ने दावा किया कि सोनीपत जिले का विजेता बनने पर तनीष सेठी को गुजरात में 7 दिन के एक्सपेरिमेंटल लर्निंग की ट्रेनिंग का अवसर मिलेगा। यह ट्रेनिंग वडनगर में स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्थली पर शीघ्र प्रदान की जाएगी।



