गोहाना में बैंक कर्मी के नाम से जारी करवाया क्रेडिट कार्ड, निकलवाए 1.10 लाख
गोहाना :-9 जनवरी : माहरा गांव निवासी एक महिला बैंक कर्मचारी से दस्तावेज लेकर व्यक्ति ने पहले क्रेडिट कार्ड का आवेदन करा दिया। बाद में महिला कर्मचारी द्वारा के.वाई. सी. न करने पर कार्ड कैंसिल हुआ तो आरोपी ने स्वयं उसके दस्तावेज लगाकर अपने पास कार्ड मंगवा लिया और 1.10 लाख रुपए निकलवा लिए।
उसके बाद रुपए न जमा न करने के बाद क्रेडिट कार्ड का सिबिल स्कोर खराब हुआ तो महिला कर्मचारी को इसकी जानकारी लगी। इस महिला कर्मचारी ने मामले में आरोपी पर पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने का आरोप लगा डी.सी.पी. को शिकायत दी।
अब डी.सी.पी. के आदेश पर बरोदा थाना में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है |
माहरा गांव निवासी रौनक ने पुलिस को बताया कि वह एक बैंक में नौकरी करती है। बीते दिनों उसके पास एक व्यक्ति की कॉल आई। उसने उससे इंडसलैंड बैंक में क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करने को कहा।
इस पर उसने आवेदन किया और व्यक्ति को अपने दस्तावेज दे दिए। बाद में वह व्यक्तिगत कारणों के चलते क्रेडिट कार्ड का के.वाई. सी. नहीं करा पाई। इस पर क्रेडिट कार्ड कैंसिल भी हो गया।
उसके बावजूद आरोपी ने बिना उसकी अनुमति के उसके दस्तावेज पर क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन कर लिया और अपने पते पर ही मंगवा लिया। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड की वैल्यू 1.10 लाख रुपए निर्धारित की थी।
उसने कार्ड का उपयोग करते हुए पूरे रुपए निकलवाए और वापस नहीं भरे। इसके चलते उसके सिबिल स्कोर पर दिन-प्रतिदिन बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
अब उसके क्रेडिट कार्ड का 1.46 हजार रुपए बकाया बताया जा रहा है। उसे इसकी जानकारी जब लगी, तब उसने बैंक में जाकर पैन कार्ड नंबर के आधार पर डिटेल निकलवाई।
आरोप है कि व्यक्ति ने धोखाधड़ी से उसके दस्तावेज के साथ क्रेडिट कार्ड का उपयोग किया। रौनक ने आरोप लगाया कि 27 जुलाई 2023 को उसने संबंधित पुलिस चौकी में भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उसके बाद उसने डी.सी.पी. कार्यालय में शिकायत दी। अब डी. सी. पी. के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।



