JLN स्कूल में NSS शिविर में डॉ. शर्मा ने कहा-पर्यावरण की अनदेखी पर खतरे में पड़ जाएंगी भावी पीढ़ियां
गोहाना :-7 जनवरी : शहर में गुढ़ा रोड स्थित जे. एल. एन. स्कूल में चल रहे एन. एस. एस. शिविर के तीसरे दिन रविवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर कार्यक्रम हुआ। शुरुआत स्कूल के प्रिंसिपल और एन. एस. एस. के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सचिन शर्मा ने की। मार्गदर्शन मैनेजर कृष्णा शर्मा और एम. डी. सुनील शर्मा का रहा।
डॉ. सचिन शर्मा ने कहा कि धरती पर जीवन चक्र को बिना किसी बाधा के गतिमान रखने के लिए पर्यावरण का संरक्षण अति आवश्यक है। अगर हम ने आज पर्यावरण संरक्षण की तरफ ध्यान नहीं दिया तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा।
दूसरी एन. एस. एस. यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी चिराग जैन ने कहा कि आज हम पर्यावरण को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे ग्लोबल वार्मिंग की समस्या बढ़ती जा रही है। आज डिजिटल मीडिया पर्यावरण संरक्षण के लिए क्रांति लाने की क्षमता रखता है। हमें डिजिटल मीडिया के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना चाहिए।
स्वयंसेवकों में नवीन, राजीव, रामा, तरुण, अंकित, विजय, मोहित और दिशांत ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर सह निर्देशक राजकुमार जांगड़ा, वाइस प्रिंसिपल सूरत शर्मा आदि भी उपस्थित रहे ।


