गोहाना के शहीद स्मारक के पास पराली से भरे ट्रैक्टर-ट्राली पलटे, दबने से चौकीदार की मौत
गोहाना :-7 जनवरी रविवार तड़के शहर के शहीद स्मारक में दर्दनाक हादसा हो गया। जींद की दिशा से आए पराली से भरे ट्रैक्टर-ट्राली अचानक से पलट गए। ट्राली के नीचे दबने से मेन बाजार के चौकीदार की मौके पर मौत हो गई। चौकीदार की साइकिल भी नष्ट हो गई। हादसे को अंजाम देने के बाद अज्ञात आरोपी चालक अपने वाहन मौके पर छोड़ कर वहां से फरार हो गया। मृतक चौकीदार के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
जनकपुत्र शेर बहादुर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका परिवार मूलतः नेपाल का है और इस समय गोहाना में विष्णु नगर में रह रहा है। उसके अनुसार वह और उसके पिता शेर बहादुर रात के समय मेन बाजार में चौकीदार की अपनी ड्यूटी कर रहे थे। जनक का कहना है कि रात के तीन बजे वह अपने पिता शेर बहादुर के साथ शहीद स्मारक में पहुंचा। तभी जींद की ओर से पराली से भरे ट्रैक्टर-ट्राली आए। चौक के मोड़ पर स्कूल की तरफ ट्रैक्टर-ट्राली अचानक पलट गए।
मृतक चौकीदार के बेटे का कहना है कि वह तेजी से हट गया, पर उसका पिता शेर बहादुर पराली से भरे ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे अपनी साइकिल समेत दब गया। जब पराली हटा कर बाहर निकाला गया, शेर बहादुर की मौत हो चुकी थी। ट्राली के नीचे फंसने से मृतक की साइकिल भी टूट गई।
ट्रैक्टर-ट्राली का आरोपी चालक अपने वाहने मौके पर छोड़ कर वहां से चंपत हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में पहुंचाया।



