जनाक्रोश रैलियों के प्रदेश चेयरमैन बरोदा पहुंचे, लिया रैली की तैयारी का जायजा
जनता का भरोसा खत्म हुआ, तभी तो सी. एम. को खानी पड़ी गीता की कसम : अशोक अरोड़ा
गोहाना :-5 जनवरी : जनता का भरोसा सी. एम. और उनकी सरकार पर पूरी तरह से खत्म हो चुका है। तभी तो सी.एम. को हरियाणा विधानसभा में गीता की कसम खानी पड़ी। शुक्रवार को यह टिप्पणी कांग्रेस द्वारा हरियाणा में की जा रही जनाक्रोश रैलियों के चेयरमैन अशोक अरोड़ा ने की।
अशोक अरोड़ा रविवार को बरोदा गांव में पूर्व सी. एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा संबोधित की जाने वाली जनाक्रोश रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आए थे और रैली स्थल पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उनके साथ बरोदा हलके के विधायक इन्दु राज नरवाल, इसराना हलके के विधायक बलबीर वाल्मीकि और पी.सी.सी. के स्टेट डेलीगेट डॉ. कपूर सिंह नरवाल भी थे।
अशोक अरोड़ा ने कहा कि जब 3 प्रदेशों में भाजपा को प्रचंड बहमत हासिल हो गया, तब लगने लग गया कि हरियाणा में परिवर्तन नहीं होगा। लेकिन पूर्व सी. एम. भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा जिला स्तर पर किए जा रहे कार्यकर्ता सम्मेलनों और विधानसभा क्षेत्र स्तर की जनाक्रोश रैलियों में उमड़ने वाली भीड़ ने संदेश दे दिया है कि जनता यहां भी बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने जोर दे कर कहा कि सरकार की रैलियों में अफसर भीड़ ढो कर लाते हैं, विपक्ष की रैलियों में जनता खुद आती है।
जब जनाक्रोश रैली समिति के चेयरमैन से पूछा गया कि क्या भीड़ वोटों में तबदील हो पाएगी, तब उनका जवाब था कि जनता के पास अपना आक्रोश दिखाने के दो ही जरिए हैं- पहला चुनाव, दूसरी रैलियां। उनके अनुसार जनाक्रोश रैलियां रादौर, इसराना, सिरसा, सफीदों और लाडवा में की जा चुकी हैं। अशोक अरोड़ा कांग्रेस से पहले इनेलो में रह चुके हैं। वह हरियाणा इनेलो के लंबे समय तक अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने माना कि इनेलो का संगठन बहुत मजबूत था, पर साथ में जोड़ा कि अब विकल्प केवल कांग्रेस है।
अशोक अरोड़ा ने कहा कि कौशल रोजगार निगम द्वारा की जाने वाली नियुक्तियों में आरक्षण की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उनके अनुसार निगम कच्ची भर्तियां कर रहा है। इन भर्तियों में एस. सी. और बी.सी. को कोई रिजर्वेशन नहीं मिल रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सी. एम. रहते आउटसोर्स पर जो भर्तियां होती थीं, उने में इन जातियों को पूरा आरक्षण मुहैया करवाया जाता था।
कांग्रेस दिग्गज ने कहा कि सत्ता पक्ष ई. डी. का अनुचित इस्तेमाल कर रहा है। जो कोई सरकार के खिलाफ मुंह खोलता है, उसी पर ई.डी. का छापा मरवा दिया जाता है।
इंदुराज नरवाल ने कहा कि जिस प्रकार से बरोदा हलके के उप चुनाव में 3 साल पहले जनता ने सरकार को नकार कांग्रेस का साथ दिया था, इस हलके की जनता वही भरोसा दोबारा से 7 जनवरी को दोहराएगी तथा जनाक्रोश रैली को रैले में बदल कर दिखाएगी।



