गोहाना के राष्ट्रीय वैदिक परमार्थ ट्रस्ट ने लावारिस पीड़ित पशु गौ माता गौशाला में मनाया राष्ट्रीय पक्षी दिवस
जिस दिन पंछी विलुप्त हो जाएंगे, बचेंगे हम भी नहीं : सैनी
गोहाना :-5 जनवरी : राष्ट्रीय वैदिक परमार्थ ट्रस्ट द्वारा शहर में पानीपत रोड पर संचालित लावारिस पीड़ित पशु गौ माता गौशाला में शुक्रवार को राष्ट्रीय पक्षी दिवस मनाया गया। गौशाला परिसर में बने पक्षी विहार में पक्षियों को बचाने के लिए पेड़-पौधों तथा दाने-पानी की व्यवस्था की गई।
मुख्य वक्ता ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर दास सैनी थे। उन्होंने कहा कि पक्षियों के बिना मनुष्य जीवन अधूरा है। आकाश में उड़ते पंछी जिस दिन विलुप्त हो जाएंगे उस दिन धरती से मानव भी विलुप्त हो जाएगा। ऐसे में हमें पक्षियों के संरक्षण की ओर ध्यान देना चाहिए। खासतौर पर पक्षियों की जो प्रजातियां विलुप होती जा रही हैं उनके संरक्षण पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है।
ट्रस्ट के महासचिव प्रेम लाल आर्य ने कहा कि पक्षी, मनुष्य और पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। अगर कहीं पर्यावरण संतुलन बिगड़ता है तो पंछी तो बचेंगे ही नहीं, मनुष्य मनुष्य जीवन भी धरती से समाप्त हो जाएगा। आजाद हिंद देशभक्त मोर्चा के संरक्षक आजाद सिंह दांगी ने कहा कि पटाखों के शोर से आसपास पेड़ों पर आश्रय लिए हुए पक्षी बहुत दूर पलायन कर जाते हैं।
इस अवसर पर अशोक आर्य, मनोज कुमार, मोनू सैनी और राजू आदि भी मौजूद रहे।


