सांसद रमेश कौशिक, गोहाना पुलिस जिले की डी.सी.पी. भारती डबास ने मिल कर दिखाई हरी झंडी
तिलक लगा कर और स्वास्तिक का निशान बना कर पुलिस बेड़े में 11 नए वाहन शामिल
गोहाना :-3 जनवरी: बुधवार को लघु सचिवालय परिसर में पुलिस ने भारतीय संस्कृति का नमन किया। सुरक्षा व्यवस्था को और चाक-चौबंद बनाने के लिए जो 11 नए वाहन गोहाना पुलिस के बेड़े में शामिल किए गए, उनमें से प्रत्येक वाहन को तिलक लगाया गया तथा उस पर बाकायदा स्वास्तिक का पवित्र निशान बनाया गया। नए वाहनों के पुलिस बेड़े में प्रवेश की बेला में नारियल भी फोड़ा गया।

एक एंबुलेंस और 11 बाइक राइडर्स को संयुक्त रूप से हरी झंडी सोनीपत लोकसभा क्षेत्र के भाजपा सांसद रमेश कौशिक और गोहाना पुलिस जिले की डी. सी. पी. भारती डबास ने दिखाई, डी.सी.पी. ने कहा कि कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इन व्हीकल्स को गोहाना पुलिस वाहन बेड़े में शामिल किया गया है | इन बाइक राइडर्स तथा एम्बुलेंस गाड़ी के मिलने से पुलिस कर्मचारी प्रभावी ढंग से पेट्रोलिंग और गश्त कर पाएंगे। मुख्य उद्देश्य अपराध की रोकथाम, आम जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और जनता के बीच पुलिस की दृश्यता को बढ़ाना है।
भारती डबास ने कहा कि गोहाना में काफी गलियां ऐसी हैं जहां पर पुलिस की बड़ी गाड़ियां नहीं जा सकती, ऐसे में इन दोपहिया वाहनों से वहां आसानी से पहुंचा जा सकेगा। बाइक राइडर हर तंग गलियों में भी पहुंच कर अपराध को रोकने का काम करेंगे। यह बाइक राइडर्स संवेदनशील एरिया बैंक स्कूल-कॉलेज बाजारों आदि जगहों पर अपराध को रोकने के साथ ट्रैफिक नियंत्रण का कार्य भी करेगी।
गोहाना पुलिस जिले की डी.सी.पी. ने कहा कि क्राइम हॉट स्पॉट एरिया को चिन्हित कर लिया गया है। सुनसान इलाके और ऐसे इलाके जो ई. आर. और पी. सी. आर की पैट्रोलिंग के दायरे में नहीं आते हैं, इन राइडर्स को उन्हीं इलाकों में तैनात किया गया है। सभी नए रायडर्स को ज्यादातर नए इलाकों में तैनात किया है। सभी व्हीकल्स सुबह, शाम और रात को अलग-अलग शिफ्टों पर गश्त पर रहेंगे। इसके लिए पुलिस ने समय सारणी भी तैयार की है।
डी. सी. पी. ने कहा कि इसी प्रकार एंबुलेंस गाड़ी को विशेष तौर पर आपात स्थिति के लिए प्रयोग किया जाएगा तथा इसे दर्घटना-संभावित क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा तथा यह वाहन एंबुलेंस की तर्ज पर आमजन की तत्काल मदद के लिए उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर एस.डी.एम. आशीष वशिष्ठ, ए.सी.पी. – प्रथम नरेंद्र खटाना, ए.सी.पी. द्वितीय सोमवीर सिंह, सोनीपत भाजपा के जिला अध्यक्ष तीर्थ सिंह राणा, उपाध्यक्ष बलराम कौशिक और इंद्रजीत विरमानी, सी. एल. जी. कमेटी के अध्यक्ष विकास जैन आदि भी मौजूद रहे।
