गोहाना नगर परिषद के ठेकेदारों को 18 महीने पहले किए काम के नहीं मिले 2 करोड़
गोहाना :-2 जनवरी: गोहाना नगर परिषद के ठेकेदारों को 18 महीने पहले किए विकास कार्यों के बकाया 2 करोड़ रुपए नहीं मिले हैं। इससे वे सख्त नाराज हैं। उनका कहना है अधिकारियों से लेकर सी. एम. कार्यालय में कई बार मांग करने के बावजूद शेष राशि नहीं मिल पा रही है। इससे ठेकेदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ठेकेदारों ने बकाया राशि देने की मांग को लेकर नगर परिषद के अकाउंटेंट को सी.एम. के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ठेकेदारों ने एक सप्ताह में समाधान न होने पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी। ठेकेदार रामनिवास शर्मा, जयवीर कौशिक, गोल्डी, सुनील कुमार, संदीप कौशिक, रविंद्र कुमार, दीपक शर्मा आदि ने बताया कि वर्ष 2022 में नगर परिषद प्रशासन ने करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए के विकास कार्यों के टेंडर लगाए थे। सरकार से मंजूरी के बाद लगाए गए टेंडर उन्हें आवंटित हुए थे। इसके बाद उन्होंने टेंडर अनुसार शहर की गलियों के निर्माण कार्य कराने के साथ ही नाली मक्त अभियान के तहत पाइपलाइन भी दबाई । 3.50 करोड़ में से डेढ़ करोड़ के ही भुगतान किए गए। 18 महीने गुजर चुके हैं, पर अब तक उन्हें बकाया 2 करोड़ रुपए नहीं मिले हैं। इसको लेकर वे कई बार अधिकारियों और स्वयं सी.एम. के कार्यालय में जाकर मांग कर चुके हैं। नगर परिषद ने भी उनकी मांग पर आला अधिकारियों को बजट आवंटन के लिए पत्र लिखे हैं। इससे ठेकेदारों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदारों ने चेतावनी दी कि अगर सात दिन के भीतर उन्हें बकाया भुगतान नहीं हुआ, वे इस के लिए धरना और प्रदर्शन करेंगे।



