राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक विवेकानंद ने कहा कि- जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवता भी निवास करते हैं।
गोहाना :- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक विवेकानंद ने कहा कि नारी सम्मान व सुरक्षा एक गंभीर विषय है। लोकसभा में 29 जुलाई के गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 5 साल में करीब 20 लाख महिलाएं गायब हो जाती हैं। ऐसे में हमें नारी का सम्मान करना चाहिए। जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवता भी निवास करते हैं। वे शुक्रवार को बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज परिसर में नारी सुरक्षा और सम्मान विषय पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
विवेकानंद ने कहा कि अच्छे संस्कार व ज्ञान प्राप्त कर हम नारी सम्मान के प्रति जागरूक होते हैं। उन्होंने सभी को महाभारत और रामायण से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया। महिला मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. जगदीश चंद्र दुरेजा ने भी नारी सुरक्षा और सम्मान के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नारी सम्मान से ही विकास संभव है। इसके बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख सुनील जीव व संघ के महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रांत प्रमुख डॉ. डालचंद ने भी महिला सुरक्षा के प्रति जानकारीदी। इस मौके पर संस्थान की डीन डॉ. स्वर्ण कौर, डॉ. एपीएस बतरा के अलावा चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सक, कर्मचारी व एमबीबीएस की छात्राएं भी मौजूद रहीं।



