गोहाना में विहिप की अक्षत कलश यात्रा की तैयारियां पूर्ण
गोहाना :-29 दिसम्बर : श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा संपर्क अभियान में विश्व हिंदू परिषद शनिवार को दोपहर बाद दो बजे बरोदा रोड पर स्थित वाल्मीकि आश्रम से अक्षत कलश यात्रा प्रारंभ करेगी। इस अक्षत कलश यात्रा के आयोजन की सब तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को विहिप के संभाग संयोजक राजेंद्र गिरधर, सह संयोजक डॉ. मनोज शर्मा और अशोक लठवाल ने तैयारियों का जायजा लिया। इस अहम बैठक में गोहाना शहर के संयोजक कुलदीप कौशिक और सह संयोजक महेंद्र भारद्वाज के साथ आशीष गोयल और प्रिंसिपल अश्विनी कुमार भी मौजूद रहे। अक्षत कलश यात्रा में भगवान राम के जीवन वृतांत पर आधारित 5 झांकियां होंगी। झांकियां गीता विद्या मंदिर, बाल भारती विद्यापीठ, जैन सीनियर सेकेंडरी स्कूल और गढ़ी उजाले खां गांव के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के साथ वाल्मीकि आश्रम की होंगी। अक्षत कलश यात्रा नगर परिक्रमा करेगी। इस परिक्रमा का रूट वाल्मीकि आश्रम से
काठ मंडी, अग्रवाल सत्संग भवन, कॉलेज मोड़, पुराना बस स्टैंड और मुगलपुरा होगा। समापन पुरानी सब्जी मंडी स्थित सनातन धर्म मंदिर शिवाला मस्तनाथ में होगा।

