सब कुछ तैयार, बस आप के मरने का इंतजार : श्री श्री मुकंद हरि
गोहाना :- 27 दिसम्बर : चंडीगढ़ के मानस मर्मज्ञ और भागवत व्यास श्री श्री मुकंद हरि ने बुधवार को कहा कि जिस ने जन्म लिया है, उसकी मौत अवश्यंभावी है। सब नश्वर हैं, अमर कोई नहीं है। कफन भी तैयार है, उठाने वाले भी। लकड़ियां भी तैयार हैं तो अन्त्येष्टि के लिए प्लेटफार्म भी। इंतजार है तो केवल आप के मरने का। श्री श्री मुकंद हरि इस समय गोहाना प्रवास पर हैं। वह पुरानी अनाज मंडी स्थित अग्रवाल सत्संग भवन में प्रवचन कर रहे थे। संयोजन श्रीकृष्ण खंडेलवाल और रामछैल गोयल ने किया। भागवत व्यास ने कहा कि महाभारत में अर्जुन की विजय इस लिए हुई कि उसके रथ पर भगवान सवार थे। दुर्योधन को इस लिए मुंह की खानी पड़ी क्यों कि उसके रथ पर अभिमान का कब्जा था। उनके अनुसार मनुष्य को धन नहीं, धर्म के पीछे भागना चाहिए।
चंडीगढ़ के मानस मर्मज्ञ ने कहा कि 84 लाख योनि में ईश स्मरण का सौभाग्य केवल मानव को मिलता है। उन्होंने कहा कि अगर मोक्ष को पाना है, आवागमन के चक्र से मुक्त होना है तो हीरे जैसे कीमती इंसानी शरीर के तोहफे को दुनियावी प्रलोभनों की कौड़ियों से नहीं गंवाना होगा।

