गोहाना बस स्टैंड पर रोटी-वस्त्र बैंक ने प्रारंभ किया चाय का लंगर
गोहाना :- 24 दिसम्बर : शहर के बस स्टैंड पर संचालित रोटी-वस्त्र बैंक द्वारा रविवार को चाय का लंगर प्रारंभ कर दिया गया। 5 वर्ष से सेवा कर रहे रोटी बैंक और कपड़ा बैंक प्रत्येक शरद ऋतु में चाय का लंगर लगाते हैं।
शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पोते यादवेंद्र संधु ने अपने दादा के शहीदी दिवस पर 2019 में 23 मार्च को बस स्टैंड पर रोटी बैंक का लोकार्पण किया था। बाद में वस्त्र बैंक की सेवाएं भी प्रारंभ कर दी गई। ये दोनों रोटी-वस्त्र बैंक सज्जन सेवा संघ, राष्ट्रीय एन.जी.ओ. महासंघ तथा शहीद भगत सिंह ब्रिगेड चलाते हैं।
कभी भी छुट्टी न करते हुए ये रोटी बैंक और वस्त्र बैंक सप्ताह के सातों दिन अपनी सेवाएं प्रदान करते हैं। विशेषकर कोरोना की दोनों लहरों में इन बैंकों की सेवाएं अतिरिक्त उपयोगी रही थीं।
रविवार को रोटी – वस्त्र बैंक पर चाय के लंगर का विधिवत शुभारंभ राजेश लठवाल ने किया। वह सज्जन सेवा संघ के संस्थापक अध्यक्ष, राष्ट्रीय एन.जी.ओ. महासंघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता और शहीद भगत सिंह ब्रिगेड की गोहाना यूनिट के अध्यक्ष हैं।
उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में चाय के लंगर में कोई भी चुस्कियां ले सकता है।
इस अवसर पर अनिल गंगाणा, अमर सिंह तोमर, रोहतास खेड़ी, अशोक पांचाल, अनिल कथूरा, संदीप ककाणा, आशीष हुड्डा, रणबीर सैनी आदि भी उपस्थित रहे।



