सी.एम. विंडो को मिली शिकायत के बाद गोहाना नप ने की कार्रवाई
जे.सी.बी. के आगे अड़े लोगों को जबरन हटा तोड़े रैंप
गोहाना :-19 दिसम्बर : शहर में रोहतक गेट के नजदीक बीज मार्कीट में दुकानों और घरों के बाहर अवैध निर्माण तोड़ने गई नप की टीम का लोगों ने भारी विरोध किया। यहां तक कि लोग जे.सी.बी. के आगे भी अड़े, लेकिन उन्हें जबरन हटा दिया गया। टीम ने लोगों के विरोध के बीच पुलिस का सहयोग लेकर न केवल् जे.सी.बी. से अवैध रूप से बनाए गए रैंप तोड़े, बल्कि दोबारा बनाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। यह कार्रवाई सी. एम. विंडो पर मिली शिकायत के आधार पर की।
नप प्रशासन को मई में सी. एम. विंडो के माध्यम से शिकायत मिली थी कि रोहतक गेट से बीज मार्कीट से होते हुए सोनीपत चुंगी तक लोगों ने अपनी दुकानों और घरों के बाहर अवैध रूप से रैंप बना लिए हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन करने में परेशानी होती है। इस बीज मार्कीट में एक तरफ नप की दुकानें बनी हैं, जबकि दूसरी तरफ लागों ने घरों के साथ दुकान भी बना रखी हैं।
ऐसे में नप प्रशासन ने 18 लोगों को घरों व दुकानों के बाहर बनाए गए रैंप हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। नप अधिकारियों के अनुसार दो बार नोटिस जारी करने के बाद लोगों ने रैंप नहीं तुड़वाए।
इस पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे नप के एम.ई. बृजेश हुड्डा, बिल्डिंग इंस्पेक्टर विजय सिक्का के अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस की भारी मौके पर पहुंची। टीम ने एक तरफ नप की दुकानों के आगे बने रैंपों को तुड़वाए ।
इसके बाद दूसरी तरफ घरों व दुकानों के बाहर कार्रवाई शुरू की तो लोगों ने इसका विरोध कर दिया। महिलाएं व दुकान मालिक जे.सी.बी. के आगे खड़े हो गए। इस पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लोगों को हटाया, जिसके बाद वहां बने रैंपों को जे. सी. बी. से तोड़ा गया।
इसके अलावा एक महिला ने अपने घर के बाहर बने रैंप को तोड़ने नहीं दिया। उसके पास स्टे की प्रति थी।
