गोहाना के पूठी गांव के एक व्यक्ति ने पहले खाना खिलाया, फिर चोरी का आरोप लगा कर पीट डाला
गोहाना :-18 दिसम्बर : गोहाना सदर थाने के पूठी गांव निवासी एक व्यक्ति ने पहले जानकार ई-रिक्शा चालक को घर ले जाकर खाना खिलाया। उसके बाद उस पर रुपए चुराने का आरोप लगा चालक से मारपीट भी की।चालक ने ग्रामीण और एक अन्य साथी पर उसके 9370 रुपए और मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप लगाया, जिसकी शिकायत पर सदर थाना में एक नामजद सहित दो पर मामला दर्ज किया गया ।
शहर की चोपड़ा कॉलोनी निवासी शिव कुमार ने पुलिस को बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है। वह 16 दिसंबर को देर शाम साढ़े नौ बजे शहर में सेक्टर-7 के सामने एक होटल के बाहर खड़ा था। उसी समय उसका जानकार पुठी गांव निवासी दिलबाग उसे मिला। उसके साथ एक अन्य लड़का भी था। वहां से वह और दिलबाग ई-रिक्शा में बैठकर और दूसरा लड़का दिलबाग की बाइक लेकर पूठी गांव में पहुंचे।
शिव कुमार के अनुसार उसने दिलबाग के घर खाना खाया। इसके बाद दिलबाग ने उस पर रुपए निकालने का आरोप लगाया। इसी को लेकर दिलबाग ने उसके 9370 और मोबाइल जबरन छीन लिए। उसके बाद दोनों ने उसके साथ मारपीट की। यही नहीं, उसे दोनों ने उसकी ई-रिक्शा में बैठाकर कर गांव से बाहर लाकर वहां से जाने की बात कही और जान से मारने की भी धमकी दी। इस पर ई-रिक्शा लेकर वापस अपने घर पहुंचा। वहां उसके भाई ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
इसी के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



