गोहाना के रिंढाना गांव के व्यक्ति के खाते से साइबर ठग ने निकाले 99 हजार रुपए, केस दर्ज

गोहाना :-रिंढाना गांव के एक व्यक्ति को बेटी के नाम के रुपए आने का झांसा देकर साइबर ठग द्वारा उसके खाते से 99 हजार रुपए निकाल लिए गए। आरोपी ने व्यक्ति को मास्टर बताकर पहले अपने व्हाट्सएप नंबर पर उससे दस्तावेज मंगवाए, जिसके बाद उसके खाते से राशि निकाल ली। इसको लेकर व्यक्ति ने बरोदा थाना में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी व अन्य धारा के तहत मामला दर्ज किया है। रिंढाना गांव निवासी रविंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी पांच लड़की और एक लड़का है। उसकी लड़कियां गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ती हैं।
रविंद्र के अनुसार 7 दिसंबर को उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन पर बात करने वाले ने अपने आप को मास्टर बताया। उसने उसे कहा कि उसकी लड़की के नाम 15 हजार रुपए आए हुए हैं। इसको लेकर वह उसे अपना खाता नंबर दे दो और आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज भेज दो। इस पर उसने अपने सभी दस्तावेज उसके व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिए। इसके बाद आरोपी द्वारा उसके खाते से 99638 रुपए निकाल लिए गए। इस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



