गोहाना के मुंडलाना गांव के युवक को अमेरिका भेजने के झांसे से ठग लिए 15 लाख रुपए

गोहाना :-15 दिसम्बर : गांव मुंडलाना के मुकेश के परिवार ने उसे अमेरिका भिजवाने के लिए सौदा किया। लेकिन उसे कंबोडिया ले जा कर वहां छोड़ दिया। साथ गया एक आरोपी उसे वहां छोडक़र भाग गया।
मुकेश के परिजनों ने स्वयं टिकट करवाकर उसे भारत बुला लिया। इसके बाद फिर से दोबारा उनको अमेरिका भिजवाने का झांसा दिया। आरोपियों ने उनके परिवार से लगभग 15 लाख रुपये ठग लिए। अमेरिका न भिजवाने पर रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। सदर थाना गोहाना में पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।
गांव मुंडलाना की मोनिका ने पुलिस को बताया कि उसके पति मुकेश को अमेरिका भिजवाने के नाम पर उनके परिवार से करनाल में कुंजपुरा के रविंद्र, पंकज मान, ईस्ट मुंबई की आयशा मोहम्मद पत्नी अरशद करीम और सोनीपत में छोटराम कालोनी के रोहित ने ठगी की। मोनिका के अनुसार रोहित उनके घर आया था और बोला कि आपके पति को अमेरिका भिजवा दूंगा, जिसके लिए 25 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।
पासपोर्ट बनवाने के लिए एडवांस में चार लाख रुपये दिये गए। ये रुपये रविंद्र के खाते में डलवाए गए। उसके बाद मुकेश को दिल्ली बुलाया गया और वहां तीन लाख रुपये और देने के बाद दुबई भेज दिया गया। आगे की टिकट बनवाने के लिए बाद में चार लाख रुपये और मांगे गए।रुपये देने के बाद मुकेश को पंकज मान के साथ दुबई से कंबोडिया भेज दिया गया। वहाँ पर 23-24 दिन रहने के बाद पंकज मान उसे वहीं छोड़ कर स्वयं दिल्ली आ गया।
परिजनों ने टिकट करवाकर मुकेश को भारत बुलाया। बाद में आरोपियों से संपर्क किया तो अमेरिका भिजवाने के लिए नकली वीजा व नकली टिकट दे दी। बाद में परिवार से और रुपये लिए गए और मुकेश को मुंबई भेज दिया। आरोपियों ने आगे की कार्रवाई नहीं की। मोनिका का आरोप है कि आरोपियों ने उसके पति कोन अमेरिका भिजवाया और न रुपये वापस दिए।



