गोहाना-खानपुर मार्ग पर बढ़ाए जाएंगे बसों के फेरे

गोहाना :-खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह (बीपीसी) महिला विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके लिए रोडवेज
अधिकारियों ने गोहाना बस अड्डे से खानपुर कलां रूट पर चलने वाली बसों के फेरे बढ़ाने की योजना तैयार की है। इसके साथ ही सुबह व छुट्टी के समय अतिरिक्त बसें भी चलाने का निर्णय लिया है, ताकि इस रूट पर चलने वाली छात्राओं व यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस रूट पर बसें बढ़ाने के लिए छात्राएं भी लंबे समय से मांग कर रही थीं। रोडवेज अधिकारियों की माने तो इस रूट पर बसें रोजाना 10 से 12 फेरे लगा रही हैं।
गोहाना-खानपुर कलां रूट पर भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय व महिला मेडिकल कॉलेज का अस्पताल है। महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में रोजाना 2 से 3 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। जबकि महिला विवि में 1000 से 1500 छात्राएं गोहाना से विवि में पढ़ने जाती हैं। बसों की कमी के चलते छात्राओं को भीड़भाड़ में सफर करना पड़ता है। कई बार तो बसों में अधिक भीड़ होने के चलते छात्राएं लंबे समय तक खाली बसों का इंतजार करती रहती हैं। ऐसे में छात्राओं ने रोडवेज अधिकारियों से मांग की थी कि सुबह और दोपहर के समय अतिरिक्त बसें चलाई जाएं, ताकि बसों में भीड़ न हो और वह आसानी से महिला विश्वविद्यालय में आवागमन कर सकें। छात्राओं की मांग पर रोडवेज ने बसों के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है। साथ ही सुबह व दोपहर के समय बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।
खानपुर कलां रूट पर अतिरिक्त बसों का परिचालन किया जाएगा। इसके लिए समय सारणी में भी बदलाव किया गया है। रोडवेज ने सुबह व छुट्टी के समय अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। छात्राओं व यात्रियों को परिवहन संबंधी किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
