कोर्ट के आदेश पर गोहाना के दो थानों में अवैध शराब की 8894 बोतलों को किया गया नष्ट
गोहाना :-13 दिसम्बर : कोर्ट के आदेश पर बुधवार को गोहाना के दो थानों में अवैध शराब की कुल 8894 बोतलों को नष्ट किया गया। दोनों थानों में यह कार्रवाई मनोनीत कमेटियों की उपस्थिति में डी.सी.पी. भारती डबास के निर्देश पर की गई। गोहाना सिटी थाने में 594 तो गोहाना सदर थाने में 8300 बोतलों को नष्ट किया गया।
गोहाना सिटी थाने में यह कार्रवाई डयूटी मैजिस्ट्रेट और नायब तहसीलदार डॉ. प्रमोद कुमार, ए. सी. पी. प्रथम नरेंद्र खटाना, आबकारी निरीक्षक नीलू, एस.एच.ओ. नीरज कुमार और मालखाना प्रभारी प्रवीण की उपस्थिति में की गई। आबकारी के 7 अलग-अलग केसों में बरामद 403 बोतल देसी, 62 बोतल अंग्रेजी और 129 बोतल बीयर को नष्ट किया गया। इन बोतलों को तोड़ते हुए थाना परिसर में ही नष्ट किया गया।
गोहाना सदर थाने में भी ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार डॉ. प्रमोद कुमार और आबकारी निरीक्षक नीलू रहे। उनके साथ ए.सी.पी. द्वितीय सोमवीर सिंह, थाने के एस.एच.ओ. उमेश कुमार और मालखाना प्रभारी विकास कुमार मनोनीत टीम के सदस्य रहे। इस थाने में आबकारी के 28 अलग-अलग केसों में बरामद 1044 बोतल देसी, 7227 बोतल अंग्रेजी और 29 बोतल बीयर की नष्ट की गई।थाना परिसर में जे.सी.बी. से गड्ढा खुदवा कर अवैध शराब की बोतलों को नष्ट कर दिया गया।
ए.सी.पी. प्रथम नरेंद्र खटाना के अनुसार आबकारी मामलों में पुलिस द्वारा जो अवैध शराब जब्त की जाती है, उसे मालखानों में जमा करवा दिया जाता है और अब नियमानुसार कार्रवाई कर ऐसी शराब को नष्ट करने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के बरामद होने के बाद उसके रखरखाव की पूरी जिम्मेदारी पुलिस की होती है। शराब के लीक होने पर बदबू फैलने से बीमारी फैलने की आशंका भी बनी रहती है। शराब ज्वलनशील होती है जिससे कोई भी चूक बहुत महंगी पड़ सकती है।
नरेंद्र खटाना ने कहा कि जिन आबकारी मामलों का अदालत से निपटान हो चुका है, कोर्ट से परमिशन लेकर उनकी अवैध शराब को नष्ट किया जा रहा है।
