गोहाना में रीबा टेक्सटाइल्स के डायरेक्टर से 10 लाख की रंगदारी मांगने के आरोपी किये गिरफ्तार ; मुख्य आरोपी अभी फरार वारदात में प्रयुक्त गाड़ी बंद भट्ठे से बरामद
गोहाना :-8 दिसम्बर : मुंडलाना गांव की एक फैक्ट्री के डायरेक्टर से रंगदारी मांगने के आरोपी धरे गए हैं। आरोप है कि डायरेक्टर से दस लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी।
पुलिस ने इस वारदात में प्रयुक्त गाड़ी को चिड़ाना गांव के बंद भट्ठे से बरामद किया गया है। मुख्य आरोपी अभी फरार है उसके जो चार सहयोगी पकड़े गए हैं, उनमें से दो आरोपी मुंडलाना गांव के ही हैं। बाकी के दो आरोपी पानीपत के शाहपुर गांव के हैं।
नितिन गर्ग मुंडलाना गांव में रीबा टेक्सटाइल के डायरेक्टर हैं। उनका आरोप था कि उनकी फैक्ट्री में आए 5-6 बदमाशों ने तोड़फोड़ और मारपीट की। बदमाशों ने खुले तौर से दस लाख रुपए की रंगदारी मांगी थी। दर्ज एफ.आई.आर. में एक आरोपी के नाम का भी जिक्र था। वह आरोपी मुंडलाना गांव का प्रवीण उर्फ फोरड़ा था।
यह वारदात सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज में कैद हो गई थी। इसी के आधार पर पहली गिरफ्तारी मुंडलाना गांव के जोगेंद्र उर्फ निक्का की हुई थी। इस आरोपी की बड़ी क्रिमिनल हिस्ट्री है। उस पर मर्डर, डकैती, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न संगीन केस पहले से दर्ज हैं।
जोगेंद्र उर्फ निक्का से की गई पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन और नई गिरफ्तारियां की हैं। ये गिरफ्तारियां मुंडलाना गांव के आकाश पुत्र सुरेंद्र, शाहपुर गांव के चेतन पुत्र सतपाल और इसी गांव के हरिओम पुत्र हर्ष की हुई हैं। हर्ष के कब्जे से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल गाड़ी चिड़ाना गांव में बंद भट्ठे से बरामद की है।
पुलिस इस वारदात का मुख्य आरोपी प्रवीण उर्फ फोरड़ा को बता रही है। वह अभी सींखचों के पीछे पहुंचना शेष है। पुलिस का कहना है कि फोरड़ा अपना गैंग बनाने की फिराक में है। जोगेंद्र उर्फ निक्का की भांति प्रवीण उर्फ फोरड़ा पर भी पहले से अनेक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार जब आरोपियों ने रंगदारी मांगने के लिए रीबा टेक्सटाइल में उत्पात मचाया था, तब वे खाली हाथ थे तथा उनके पास कोई हथियार नहीं था। आरोपियों ने तोड़फोड़ और मारपीट से डर का माहौल पैदा करने की कोशिश की थी।



