पोर्टल से निकली फर्द पर क्यूआर कोड होगा, उस फर्द को वेरीफाई डॉक्यूमेंट माना जाएगा, किसान ऋण ले सकेंगे और पटवारी के हस्ताक्षर की जरूरत नहीं होगी।
गोहाना :-6 दिसंबर : डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार ने चार वर्षों में शहरों की तर्ज पर गांवों में विकास कार्य कराएं हैं। गांवों में सभी सुविधाओं से लैस ई-लाईब्रेरी खोली जा रही है। ताकि हमारे बच्चों को पढ़ने के लिए शहर में न जाना पड़े।
हर घर तक पेयजल, पक्की गलियां, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था को सुदृढ किया गया है। बड़े गांवों में कम्युनिटी हॉल का भी निर्माण करवाया है। वे बुधवार शाम को आहुलाना, भैंसवान खुर्द, महमुदपूर, बुटाना गांव में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को फसल के दाम के लिए 6 महीने इंतजार करना पड़ता था। अब 2 दिन में पैसा खाते में आ जाता है। हरियाणा में सबसे ज्यादा फसलें एमएसपी पर खरीदी जाती है।
उन्होंने कहा कि जमीन की फर्द तैयार करने को नया सॉफ्टवेयर लिया गया है। इससे किसानों को पटवारखानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस पोर्टल से जो फर्द निकाली जाएगी, उसपर क्यूआर कोड होगा। इससे फर्द को वेरीफाई डॉक्यूमेंट माना जाएगा। इस जमाबंदी से किसान ऋण ले सकेंगे और पटवारी के हस्ताक्षर की भी जरूरत नहीं होगी। उन्होंने लोकसभा व विधानसभा के एक साथ चुनाव होने के सवाल पर कहा कि उन्हें ऐसा संभव नहीं लगता। अगर एक साथ चुनाव होते हैं तो पार्टी उसके लिए पूरी तरह तैयार है।
इस मौके पर राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. केसी बांगड़, विधायक अमरजीत ढांडा, राष्ट्रीय सचिव भूपेंद्र मलिक, जिलाध्यक्ष राज सिंह दहिया, चेयरमैन पवन खरखौदा व सुमित राणा, सुरेंद्र मलिक, संदीप गहलावत, डॉ. राममेहर राठी, जिला प्रवक्ता जोनी लठवाल, शीलू खासा, रजनी मलिक, संदीप भनवाला, राममेहर, प्रदीप बड़वासनी, अशोक जवाहरा आदि मौजूद रहे।
