गोहाना के मुंडलाना गांव में छत पर बर्तन मांज रही महिला के कंधे में लगी गोली
गोहाना :- 5 दिसम्बर : गोहाना सदर थाने के मुंडलाना गांव में एक महिला के बाएं कंधे में उस समय गोली लग गई जब वह घर की छत पर चौबारे के आगे बर्तन मांज रही थी। उसे आशंका है कि उसे जान से मारने की नीयत से उस पर गोली चलाई गई। पुलिस ने उसके बयान पर अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया। संतोष (60) पत्नी सतबीर सिंह मुंडलाना गांव में अपने परिवार के साथ हिमतान पाने में रहती है। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह शाम के 4:15 बजे अपने घर की छत पर चौबारे के आगे बर्तन मांज रही थी। उसका कहना है कि अचानक उसके बाएं कंधे पर कोई चीज आ कर लगी तथा खून का फव्वारा फूट पड़ा। संतोष को उसका पति सतबीर और बेटा मोहित तुरंत गांव खानपुर कलां स्थित बी.पी.एस. राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज में ले गए। वहां संतोष और परिजनों को चिकित्सकों ने बताया कि संतोष को गोली लगी है। संतोष के बेटे मोहित का कहना है कि उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। संतोष का कहना है कि उसे जान से मारने की नीयत ने अज्ञात ने उस पर गोली चलाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



