पहले लिफ्ट ली, गोहाना में उतरते समय कार चालक का मोबाइल फोन छीन कर भाग गया
गोहाना :-2 दिसम्बर : शहर में ड्रेन नंबर 8 के पुल निकट सोनीपत चुंगी पर एक कार चालक का मोबाइल फोन छीन लिया गया। यह वारदात उस युवक ने की जिसने कार चालक से रोहतक से गोहाना आने के लिए लिफ्ट ली थी। पुलिस ने नामजद आरोपी पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपी को तलाश कर रही है।
सतीश पुत्र धर्म सिंह पानीपत के अहर गांव का रहने वाला है। वह रेवाड़ी की एक कम्पनी में काम करता है। साप्ताहिक अवकाश होने पर शुक्रवार को सतीश रात 8 बजे रेवाड़ी से चला। वह 9:45 बजे रोहतक के सुखपुरा चौक में पहुंचा। वहां खड़े एक व्यक्ति ने कार को रुकने का इशारा किया। वह व्यक्ति कार की अगली सीट पर बैठ गया। उसी बीच एक और लड़का आया। वह उससे पूछ कर कार की पिछली सीट पर बैठ गया।
पुलिस को दिए बयान में सतीश ने कहा कि आगे की सीट पर बैठा व्यक्ति उससे बातें करने लगा। बातों-बातों में उसने अपना नाम दीपक पुत्र महेंद्र तथा निवासी मेन बाजार में रोहतक गेट वाली गली बताया। 10:30 बजे जब कार गोहाना में बस स्टैंड पर पहुंची, तब पिछली सीट पर बैठा लड़का वहां उतर गया। लेकिन दीपक ने उसे सोनीपत चुंगी के पास ड्रेन नंबर 8 के पुल पर उतार देने का आग्रह किया।
सतीश का आरोप है कि पुल के पास पहुंचने पर उसके घर से फोन आ गया। वह बात करने लगा। उसने दीपक के उतरने के लिए कार को रोक दिया। उसी दौरान दीपक ने अचानक उसका मोबाइल फोन छीन लिया तथा रात के अंधेरे में वह गायब हो गया।
डायल 112 पर फोन करने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।



