रामबीर, यशपाल बने गोहाना पुलिस के बेस्ट एम्पलाई ऑफ दि मंथ
गोहाना :-1 दिसम्बर : गोहाना पुलिस जिला की डी.सी.पी. भारती डबास ने एक नई पहल की है। उन्होंने प्रति माह के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बेस्ट एम्पलाई ऑफ दि मंथ का अलंकरण प्रदान करना प्रारंभ किया है। इस नई परिपाटी का श्रीगणेश शुक्रवार को नवंबर माह से किया गया जब गोहाना सदर थाने के लिए ए.एस.आई. रामबीर और गोहाना सिटी थाने के लिए हवलदार यशपाल को सम्मानित किया गया।
डी.सी.पी. भारती डबास की नई पहल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपना बेस्ट देने के लिए प्रेरित करने के लिए है। प्रत्येक माह की उपलब्धियों के आधार पर ही बेस्ट एम्पलाई ऑफ दि मंथ सलेक्ट और सम्मानित होंगे। नई परिपाटी में भारती डबास ने अपने कार्यालय में सर्वप्रथम ए.एस.आई. रामबीर और हवलदार यशपाल को प्रशस्ति पत्र और कैश अवार्ड से सम्मानित किया।
गोहाना सदर थाने की मुंडलाना चौकी के अंतर्गत गांव चिड़ाना का ए.एस.आई. रामबीर को सजग प्रहरी नियुक्त किया गया था। रामबीर ने इस गांव के अपराध और अपराधियों पर कड़ी और पैनी निगाह रखी। उन्होंने एक नशा तस्कर को 486 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार भी किया।
गोहाना सिटी थाने के हवलदार यशपाल ने भी सजग प्रहरी की भूमिका पूरी शिद्दत से निभाई। उन्होंने चार अभियोगों में फरार चल रहे चोर को गिरफ्तार किया। एक अन्य मामले में उन्होंने 2 अवैध हथियारों समेत एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया।
