गोहाना पुलिस ने मुनीम से हुई लूट की वारदात के तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
गोहाना :-29 नवम्बर : इसी माह ही पहली तारीख को नई अनाज मंडी के एक मुनीम को लूटने की जो वारदात हुई थी, उसमें खिलौना बंदूक का इस्तेमाल हुआ था। पुलिस ने मुनीम से लूटे गए पांच हजार रुपए और उसका मोबाइल फोन बरामद कर लिए। पुलिस ने लूट में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल में भिजवा दिया।
रमेश बुसाना गांव का रहने वाला है। वह नई अनाज मंडी में एक आढ़ती की शॉप पर मुनीम है। वह एक नवंबर की रात को काम खत्म कर बाइक पर बुसाना गांव में वापस जा रहा था। तब उसे बंदूक की नोक पर रास्ते में लूट लिया गया था। आरोपी तीन थे। आरोपियों ने मुनीम से पाँच हजार रुपए के साथ उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गए थे।
लूट के मामले की जांच कर रहे आई.ओ. महावीर सिंह के अनुसार पुलिस ने इस वारदात में संलिप्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये आरोपी गोहाना के रहने वाले हैं। आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने रात के अंधेरे का फायदा उठाया। उन्होंने खिलौना बंदूक, जो प्लास्टिक की लाइटर नुमा थी, का इस्तेमाल किया। पीड़ित घबरा गया तो उन्होंने उससे कैश और मोबाइल फोन लूट लिए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया। अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल में भेज दिया।



