टी.ए.आई. के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बरोदा में लगवाई ओपन जिम
गोहाना :-28 नवम्बर : टेक्सटाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (टी.ए.आई.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर. के. विज ने लाखों रुपए की एक और ओपन जिम बरोदा गांव में इस गांव की महिलाओं के लिए लगवाई है। इस ओपन जिम का शुभारंभ गोहाना पुलिस जिला की डी. सी. पी. भारती डबास ने किया।
टी.ए.आई. के राष्ट्रीय अध्यक्ष विज गोहाना के हैं। वह अपने पिता स्व. ब्रजलाल विज और मां स्व. पुष्पावंती विज की स्मृति में गोहाना क्षेत्र में इस समय महिलाओं के लिए ओपन जिम लगवा रहे हैं। इन जिम में फ्रोजन शोल्डर, नेक, स्टम्क, लेग्स, चेस्ट और बैक की एक्सरसाइज के लिए महंगी मशीनें लगवाई जा रही हैं।
आर. के. विज बरोदा गांव से पहले खंदराई और हसनगढ़ गांव की महिलाओं को भी यह सौगात दे चुके हैं। ओपन जिम गोहाना शहर में उन्होंने रेलवे स्टेशन के पार्क में लगवाई है। उन्होंने नई अनाज मंडी के निकट कत्याल फार्म पर स्थित चंद रानी शिशु सदन के बच्चों के लिए भी झूले भेंट किए हैं।
बरोदा गांव में ओपन जिम का लोकार्पण करते हुए डी.सी.पी. भारती डबास ने आर. के. विज को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बुलंदियां छू लेने के बावजूद विज अपनी जड़ों से जुड़े हुए हैं। वह अंचल की महिलाओं की सेहत के लिए जो ओपन जिम लगवा रहे हैं, वह वास्तव में बेशकीमती सौगात हैं।


