सोनीपत के खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव की दुष्कर्म पीड़िता ने बच्ची को दिया जन्म, तीन आरोपी गिरफ्तार, कई बार दुष्कर्म करने का आरोप
दो नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा है। तीसरा आरोपी जेल भेजा गया है। पुलिस ने तीनों नामजद का डीएनए कराया है। पुलिस टीम हर पहलू पर जांच कर रही है।

खरखौदा :- हरियाणा के सोनीपत के खरखौदा थानाक्षेत्र के गांव में बालिका के साथ कई बार दुष्कर्म करने व उसके गर्भवती होने के मामले में पीड़िता ने बच्ची को जन्म दिया है। वहीं पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक आरोपी बालिग है। पुलिस ने दो नाबालिग को बाल सुधार गृह भेज दिया है। वहीं तीसरे आरोपी को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने तीनों के डीएनए सैंपल लिए हैं।
आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि किसी को बताया तो तेरे भाई-बहन को मार देगा। इसके बाद लड़के ने अपने दो साथियों को भी इस बारे में बता दिया था। उसके बाद उसके दोस्तों ने भी अलग-अलग जगह पर उसके साथ दुष्कर्म किया था। उन्होंने किसी का बताने पर उसके भाई-बहनों के जान से मार देने की धमकी दी थी।
करीब डेढ़ माह पहले उनकी मां के निधन पर बहन उसे अपनी ससुराल ले आई थी। जहां पर पेट में दर्द होने पर उसे अस्पताल ले गया था तो जांच के बाद चिकित्सक ने उसे गर्भवती बता दिया था। इस पर उसने पुलिस के सामने बयान दर्ज कराए थे।
पुलिस ने तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया था। अब पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को काबू कर लिया, जिसमें आरोपी कशिश बालिग मिला है। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। दो नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है।
तीनों आरोपियों का कराया डीएनए
जांच अधिकारी धर्मपाल ने बताया कि तीनों आरोपियों का डीएनए कराया है। पुलिस अब डीएनए रिपोर्ट से मिलान कर मामले में सबूत जुटाएगी। पुलिस मामले में हर पहलू पर जांच में जुटी है। सभी तथ्य जुटाए जा रहे हैं।



