गैर-कानूनी तरीके से पोल, लाइन शिफ्ट करने पर 3 पर केस दर्ज
गोहाना :-26 नवम्बर : उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के सिटी सब डिवीजन के एस.डी.ओ. की शिकायत पर पुलिस ने 3 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज किया है। यह केस शहर की चोपड़ा कॉलोनी में गैर-कानूनी तरीके से पोल और लाइन को शिफ्ट करने पर दर्ज हुआ है। केस प्लॉट मालिक के साथ शिफ्ट करने वाले दो मजदूरों पर दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
निगम के एस. डी. ओ. विकास कुमार द्वारा गोहाना सिटी थाने के एस.एच.ओ. को लिखित शिकायत की गई है। इस शिकायत के अनुसार चोपड़ा कॉलोनी में एक प्लॉट मालिक राजेश मलिक ने अपने प्लाट से बिजली के पोल और लाइन को अवैध रूप से प्लॉट के सामने के दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर दिया। आरोप है कि उसने यह कार्य प्राइवेट लेबर से करवाया। ये मजदूर दीपक उर्फ मोनू और राजेश गांव महमूदपुर हैं।
विशेष उल्लेखनीय है कि यह मामला एक साल पुराना है। एस.डी.ओ. की शिकायत में उल्लेख किया गया है कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पहले भी 17 दिसंबर 2022 के पत्र क्रमांक 3777 के माध्यम से की थी। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी।



