गोहाना की हर गली तक पेयजल, सीवरेज, गैस पाइपलाइन के साथ स्ट्रीट लाइटों की मिलेगी सुविधा
शहरवासियों को सुविधाएं देने को सरकार ने गोहाना को किया अमृत-2.0 योजना में शामिल
गोहाना :- 25 नवंबर : शहर के लोगों के लिए शहरी स्थानीय निकाय व जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से राहत भरी खबर है। अब शहरवासियों को जल्द ही हर गली तक पेयजल, सीवरेज, गैस पाइपलाइन के साथ स्ट्रीट लाइटों की सुविधा मिलेगी। इसके लिए सरकार ने गोहाना शहर को अमृत-2.0 योजना में शामिल किया है। अब लोगों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए नप अधिकारी जनस्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर शहर की मैपिंग कराएंगे। उसके बाद प्रोजेक्ट पर काम करेंगे, जिसका सीधा लाभ शहरवासियों को मिलेगा।
शहर में नप के अंतर्गत 23 वार्ड हैं, जिनमें 33 हजार से अधिक प्रॉपर्टी बनी हुई हैं। इन वार्डों में आबादी के साथ घरों व गलियों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। हालांकि नप प्रशासन व जनस्वास्थ्य विभाग ने अधिकतर वार्डों में गलियों के निर्माण से लेकर पेयजल व सीवरेज लाइनें बिछाने का काम किया हुआ है, लेकिन अब भी कई जगह तक ये सुविधाएं लोगों को नहीं मिल रही हैं। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसी के मद्देनजर सरकार ने गोहाना को अमृत-2.0 योजना में शामिल कर लिया है। इसके तहत संबंधित विभाग हर गली में लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।
