ग्रामीण सफाई कर्मी 28 और 29 नवंबर को पंचकूला में डालेंगे महापड़ाव
गोहाना :-24 नवम्बर : अपनी मांगों को ले कर 46 दिन से प्रदेश भर में हड़ताल कर रहे ग्रामीण सफाई कर्मचारी अब पंचकूला में महापड़ाव डालेंगे। यह महापड़ाव 28 नवंबर और 29 नवंबर को होगा। शुक्रवार को यह जानकारी ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला संयोजक राजेश टॉकी ने दी ।
राजेश टॉकी 10 अक्तूबर से मुंडलाना खंड कार्यालय में धरने पर बैठे ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। अध्यक्षता खंड अध्यक्ष सतबीर सिंह ने की तथा संचालन खंड सचिव आजाद सिंह ने किया। जिला संयोजक ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों से एक बार वार्ता कर ले और उनकी मांगों को मान ले, ग्रामीण सफाई कर्मचारी तुरंत ड्यूटी पर वापस लौट आएंगे। उन्होंने गांवों के सड़ने के लिए सीधे तौर से प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
राजेश टॉकी ने कहा कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की कोई बड़ी मांग नहीं है। वे इतना भर चाहते हैं कि गांवों में 400 की
आबादी पर एक सफाई कर्मचारी नियुक्त किया जाए, समान काम के लिए समान वेतन समय पर दिया जाए तथा ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की पक्की भर्ती हो ।
ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को कृष्ण, विनोद, नरसी आदि ने भी संबोधित किया।



