गोहाना के ए.सी.पी. ने सुनी समस्याएं बुजर्गों को किया सम्मानित
गोहाना :-23 नवम्बर : डी.सी.पी. भारती डबास के निर्देश पर ए.सी.पी. सोमवीर सिंह गोहाना सदर थाने की मुंडलाना चौकी के दुराणा गांव में पहुंचे। हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम के तहत ए.सी.पी. ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। उन्होंने गांव के बुजुर्ग महिला-पुरुषों को सम्मानित भी किया।
हरियाणा उदय कार्यक्रम के अंतर्गत गोहाना पुलिस गांवों में ग्रामीणों के बीच पहुंच रही है। इस अभियान का मकसद पुलिस और जनता के बीच की दूरी को समाप्त कर उनके आपसी रिश्ते मजबूत बनाना है। इस कार्यक्रम में पुलिस की अलग-अलग टीमें अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पहुंच रही है।
इसी क्रम में ए.सी.पी. सोमवीर सिंह पुलिस अधिकारियों के साथ दुराणा गांव में गए। वहां उन्होंने गांव वालों की दिक्कतें सुनीं तथा मौके पर निदान का प्रयास किया। ए.सी.पी. ने जनता को साइबर क्राइम के प्रति आगाह किया। उन्होंने साइबर क्राइम के हेल्प लाइन नंबर 1930 के बारे में विस्तार से बताया। ए.सी.पी. ने ग्रामीणों से अनुरोध किया कि वे युवाओं को नशे के जाल में फंसने से बचाएं। उन्होंने यातायात के नियमों का दृढ़ता से पालन करने का अनुरोध भी किया। सोमवीर सिंह ने खेलों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। पुलिस की नई पहल में ए.सी.पी. ने गांव के बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों को सम्मानित भी किया गया।



