गोहाना के रभड़ा गांव में स्कूल न जाने पर मां ने डांटा तो घर छोड़ कर भाग गए भाई-बहन
मामला गोहाना के रभड़ा गांव का, इसी गांव के रेलवे स्टेशन ने पुलिस ने बरामद किए बच्चे
गोहाना :-22 नवम्बर : न भाई स्कूल गया,न बहन। दिहाड़ीदार विधवा मां को पता चला तो उसने डांट दिया। बस, इसी बात पर दोनों भाई-बहन घर छोड़ कर भाग गए। मामला गोहाना सदर थाने के रभड़ा गांव का है। इसी गांव के रेलवे स्टेशन से तीन दिन बाद बुधवार को पुलिस ने दोनों बच्चों को बरामद कर लिया। पुलिस ने भाई-बहन को उनकी मां, दादी और बुआ के सुपुर्द कर दिया।
मैना मूलत: पश्चिम बंगाल की है। उसका शादी भड़ा गांव के कुलदीप सिंह से हुई। बाद में कुलदीप की मौत हो गई। विधवा महिला के तीन बच्चे हैं। महिला दिहाड़ी मजदूरी कर बच्चों का पालन-पोषण करती है। उसने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी 15 साल की बेटी पूर्णिमा और 10 साल का बेटा अमरजीत हैं। तीसरा बच्चा अभी छोटा है। स्कूल से मैसेज मिला कि पूर्णिमा और अमरजीत स्कूल नहीं गए। इस पर पूर्णिमा ने दोनों बच्चों को डांट दिया।
मां की डांट से नाराज हो कर पूर्णिमा और अमरजीत घर छोड़ कर भाग गए। यह घटना तीन दिन पहले की है। मैना ने 112 नंबर पर कॉल की। इस पर पुलिस उसके घर पहुंची। पुलिस ने उसके बयान पर गोहाना सदर थाने में दोनों बच्चों की गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया। गोहाना सदर थाने के सब इंस्पेक्टर महावीर सिंह ने बताया कि दोनों भाई-बहन को रभड़ा गांव के ही रेलवे स्टेशन से बुधवार को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने दोनों बच्चों को उनके परिवार को सौंप दिया।



